तेलंगाना: टी राजा सिंह का इस्तीफा BJP के लिए झटका, बोले – "चुप्पी को सहमति मत समझिए, हिंदू आस्था से समझौता नहीं कर सकता"

हिंदुत्व से समझौता नहीं कर सकता: टी. राजा सिंह ने छोड़ी भाजपा, कार्यकर्ताओं की पीड़ा को दी आवाज़
हैदराबाद, 30 जून 2025 — तेलंगाना की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला जब
गोशामहल से भाजपा विधायक टी. राजा सिंह ने पार्टी की
प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा केवल एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि भाजपा के राज्य नेतृत्व पर असंतोष
और संगठनात्मक फैसलों के खिलाफ एक तीखी प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।
राजा सिंह ने अपनी
नाराजगी X (पूर्व में ट्विटर) पर भी ज़ाहिर की : —
“बहुत से लोगों की
चुप्पी को सहमति नहीं समझा जाना चाहिए। मैं सिर्फ़ अपने लिए नहीं, बल्कि उन अनगिनत कार्यकर्ताओं और
मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं, जो हमारे साथ आस्था के साथ खड़े थे और जो आज निराश महसूस कर
रहे हैं।”
सूत्रों के मुताबिक, टी. राजा सिंह पार्टी आलाकमान द्वारा एन. रामचंद्र राव के नाम पर सहमति
जताए जाने से बेहद आहत थे। कहा जा रहा है कि राज्य भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर जिस
तरह निर्णय लिया गया, वह राजा सिंह और
उनके समर्थकों को न तो विश्वास में लेने वाला था, न ही जमीनी राजनीति की भावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाला।
इसी कारण उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष
बंडी संजय कुमार को अपना इस्तीफा
भेज दिया।
हालांकि इससे पहले
जारी अपने औपचारिक पत्र में उन्होंने यह साफ किया कि वे केवल भाजपा संगठन से अलग
हो रहे हैं, हिंदुत्व की
विचारधारा और धर्म की सेवा के प्रति उनकी निष्ठा अटूट है। उन्होंने लिखा —
“मैं अपनी आवाज़
उठाना जारी रखूंगा और हिंदू समुदाय के साथ और भी मजबूती से खड़ा रहूंगा। पार्टी
भले न रही, लेकिन धर्म और
राष्ट्र ही मेरी पहचान है।”
राजा सिंह की
पहचान एक जुझारू और स्पष्टवादी हिंदू नेता के रूप में रही है। गोशामहल से उनका
राजनीतिक आधार न केवल मजबूत है, बल्कि हिंदुत्व
समर्थक युवाओं में उनकी गहरी पकड़ भी है। ऐसे में उनका पार्टी से जाना भाजपा के
लिए सिर्फ़ संख्या में कमी नहीं, बल्कि एक विचारधारा से
जुड़ी विश्वसनीय आवाज़ का टूटना भी है।
राजनीतिक विश्लेषकों
का मानना है कि टी. राजा सिंह का यह कदम भाजपा के अंदरूनी लोकतंत्र और स्थानीय नेताओं की उपेक्षा की ओर भी इशारा
करता है। जब एक ज़मीनी नेता, जिसने लगातार
हिंदू भावनाओं की रक्षा के लिए संघर्ष किया, उसे नजरअंदाज किया जाता है, तो यह कार्यकर्ताओं में हताशा का कारण बनता है।
आगे क्या?
अब सभी की निगाहें
इस पर टिकी हैं कि राजा सिंह आगे क्या कदम उठाते हैं ? क्या वह स्वतंत्र रूप से हिंदू संगठनों
के साथ जुड़ेंगे? क्या वह किसी नए
राजनीतिक मंच की ओर बढ़ेंगे? या फिर राज्य में
एक वैकल्पिक हिंदू शक्ति के रूप में उभरने की कोशिश करेंगे?
एक बात तय है राजा सिंह ने भाजपा को अलविदा जरूर कहा
है, लेकिन उनकी आवाज़
अब और बुलंद होकर हिंदू जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करती रहेगी।





