इस बड़ी वजह से RJD का झंडा नहीं हाथ में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव राजभवन मार्च में शामिल हो गए हैं। इस मार्च में उनके साथ मीसा भारती एमएलसी सुनील सिंह, ओसामा शहाब, भाई वीरेंद्र समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। इनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर समेत जिन भी रूटों से प्रदर्शनकारी गुजरेंगे वहां पुलिस फोर्स तैनात है।
राजभवन मार्च के लिए राजद के कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतर गए हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा- छात्रों के लिए आज AK-47 की गोली भी खा लेंगे। तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार से सवाल किया था। उन्होंने कहा था, कई दिनों से प्रशासन में बैठे अधिकारियों से लगातार सवाल किया जा रहा है कि AK-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया था, लेकिन अब तक इसका जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि बिना किसी वरिष्ठ अधिकारी के आदेश के पुलिस की ओर से गोली नहीं चलायी गयी होगी। ऐसे में आदेश देने वाले अधिकारी की जवाबदेही तय होनी चाहिए और उसे तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने एक्स के जरिए 15 सवाल किया था।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजभवन मार्च के लिए अपने आवास से निकल गए हैं। दूसरी तरफ, मार्च की शुरुआत भी हो गई है, इसके साथ ही गांधी मैदान जाने वाली दूसरी लेन को भी बंद कर दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हाथ में तिरंगा लेकर निकले। इस दौरान उनके साथ मीसा भारती और संजय यादव भी मौजूद हैं। दूसरी तरफ, आरजेडी कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे निकल गए हैं। तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च में आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह भी शामिल हुए। बीच सड़क पर वे ऑटो में बैठे हुए दिखे, इस दौरान उन्होंने कहा, AK-47 चलाने वाले अधिकारी को सस्पेंड कीजिए ट्रांसफर नहीं। आरजेडी कार्यकर्ताओं का राजभवन मार्च शुरू हो गया है, लेकिन उन्हें रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। डाकबंगला जाने वाले रास्ते को ब्लॉक किया गया है।
राजभवन मार्च शुरू होते ही इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस की एक्टिविटी बढ़ गई है। इनकम टैक्स चौराहे पर वाटर कैनन ने पोजीशन ले लिया है। आम लोगों की गाड़ियों को जल्दी-जल्दी निकला जा रहा है। आरजेडी के राजभवन मार्च को लेकर एसडीपीओ कृष्ण मुरारी प्रसाद ने कहा, हमने अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है। किसी भी हालत में तिरंगा का अपमान ना हो, उसका हम ख्याल रखेंगे। हम लोग जितने भी पुलिसकर्मी यहां मौजूद हैं, वे तिरंगे का सम्मान रखेंगे। गांधी मैदान से लेकर राजभवन तक हर जगह पुलिसवालों की तैनाती की गई है। परमिशन जहां तक दी जाती है, वहां तक हम लोग अलाव करते हैं। अगर वहां से प्रदर्शनकारी आगे बढ़ेंगे तो फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विषय





