सत्ताधारी विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति ,विपक्ष के सवालों का गंभीरता से दिया जायेगा जवाब

सत्ताधारी विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति ,विपक्ष के सवालों का गंभीरता से दिया जायेगा जवाब
रांची: मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में सत्ताधारी विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में यह रणनीति बनी की विपक्ष के सवालों का जवाब पूरी गंभीरता से दिया जाएगा। इसके अलावा सदन के अंदर सत्ताधारी दल के सभी विधायक एकजुट होकर भाजपा की गलत नीतियों, हरियाणा में किसानों पर हो रहे जुल्म, मोदी सरकार में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मुखर रहेंगे। वहीं हेमन्त सोरेन सरकार और अब चंपाई सोरेन सरकार में लोककल्याणकारी योजनाओं को भी मुखरता से सदन के अंदर रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास में सत्ताधारी विधायक दल की बैठक में भाग लेकर बाहर निकले सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि विपक्ष के विधायक सदन में नाटक नौटंकी में समय बर्बाद नहीं करेंगे इसकी उम्मीद है। बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विपक्ष पूरी साकारात्मकता के साथ राज्य की जनता से जुड़े मामले को सदन में उठाएगा तो सरकार उसका जवाब भी उसी तत्परता से देगी।
विधायकों ने अपने इलाके की समस्याओं से मुख्यमंत्री को कराया अवगत
सत्ताधारी विधायक दल की बैठक के दौरान झामुमो, कांग्रेस के कई विधायकों ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को अवगत कराया। मांडर से कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले का यह बजट सत्र बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलने को शिल्पी नेहा तिर्की ने दुखद करार दिया।
सत्ताधारी विधायक दल की बैठक के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि उम्मीद है कि विपक्ष अपनी भूमिका जनहित में और सार्थकता के साथ निभाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के डर से नहीं बल्कि पिछले दिनों राजनीतिक घटनाक्रम की वजह से सत्र छोटा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी बात का डर नहीं है, पूरी तैयारी के साथ मंत्री विपक्ष के उन सभी सवालों का जवाब देगी जो जनता के हितों से जुड़े हों।
सत्ताधारी विधायक दल की बैठक में सीता सोरेन, लोबिन हेम्ब्रम और अनूप सिंह नहीं पहुंचे, उनकी अनुपस्थिति को लेकर बन्ना गुप्ता और प्रदीप यादव ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों से वह आज की बैठक में उपस्थित नहीं थे, कल बजट सत्र में वह उपस्थित रहेंगे।





