मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · रात 3:41 · नई दिल्ली संस्करण

मैहर के मां शारदा देवी मंदिर में अष्टमी पर हुई विशेष पूजा, दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु

राष्ट्रीय सागर डेस्क2 मिनट का पठन
मैहर के मां शारदा देवी मंदिर में अष्टमी पर हुई विशेष पूजा, दर्शन को उमड़े हजारों श्रद्धालु

मैहर। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी का दिन पूरे देश में खास श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है और इस बार भी अलग-अलग जगहों पर भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। मध्य प्रदेश के मैहर में स्थित प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में तो मानो आस्था का सागर उमड़ पड़ा हो। गुरुवार सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और हर कोई माता के दर्शन के लिए आतुर नजर आया।

मंदिर में अष्टमी के मौके पर विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी पवन दाऊ जी महाराज ने पूरे विधि-विधान से माता की आरती की और भोग अर्पित किया। जैसे ही आरती शुरू हुई, पूरा मंदिर 'जय माता दी' के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों के चेहरों पर श्रद्धा और विश्वास साफ झलक रहा था।

माना जाता है कि इस दिन माता से सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद जरूर पूरी होती है, इसलिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचे।

वहीं, देवास में भी अष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। यहां मां तुलजा भवानी मंदिर और मां चामुंडा मंदिर में विशेष पूजा और आरती का आयोजन हुआ। भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

मंदिरों में गुरुवार सुबह से ही भजन-कीर्तन का माहौल बना हुआ है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

उधर, उत्तराखंड के काशीपुर में भी चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना हुई। यहां प्रसिद्ध मां बाल सुंदरी देवी मंदिर में हर साल लगने वाला चैती मेला इस बार भी भव्य तरीके से आयोजित किया गया। अष्टमी के दिन माता की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

मंदिर के मुख्य पुजारी विकास कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि माता की पालकी पारंपरिक मार्गों से होकर अपने भवन में विराजमान हो चुकी है। पूजा-अर्चना के बाद भव्य आरती की गई और भक्तों के लिए दर्शन के द्वार खोल दिए गए। उन्होंने कहा कि अष्टमी के दिन माता के दर्शन का विशेष महत्व होता है और श्रद्धालुओं में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें