स्पेशल ब्रांच ने जारी किया अलर्ट , ईडी की कार्रवाई के बीच बीजेपी और केंद्र सरकार के दफ्तरों पर हो सकता है हमला

रांची: सोमवार को दिल्ली में सीएम आवास पर ईडी की कार्रवाई के बाद झारखंड में पूरा प्रशासनिक महकमा हाई अलर्ट पर है। राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं हो इस बाबत स्पेशल ब्रांच के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। स्पेशल ब्रांच की ओर से झारखंड के सभी जिले के डीसी एसपी को पत्र लिखा गया है जिसमें कहा गया है कि ईडी के द्वारा सीएम हेमंत सोरेन को बार-बार समन भेजे जाने और बेवजह परेशान करने को लेकर जेएमएम और उनके घटक दल के कार्यकर्ताओं, समर्थकों द्वारा विरोध स्वरूप झारखंड राज्य के सभी जिलों में पार्टी कार्यालय, विभिन्न चौक-चौराहों पर धरना-प्रदर्शन, जुलूस निकाले जाने की सूचना है। राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित विपक्षी दलों के पार्टी कार्यालय, आवास, वाहनों के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कार्यालयों पर हमला कर क्षति पहुंचायी जा सकती है। इस कारण विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। वहीं झारखंड के मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते ने सोमवार को राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव आवास पर हुई बैठक में डीजीपी और गृहसचिव मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक हुई इस बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।





