सात पर कांग्रेस , पांच पर झामुमो और 1-1 सीट पर राजद, सीपीआई लडे़गी लोस चुनाव
रांची: झारखंड में इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है।सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस लोकसभा की 14 सीटों में से सबसे अधिक 7 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) पांच, आरजेडी एक और सीपीआई (एमएल) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस को रांची, धनबाद, हजारीबाग, गोड्डा, लोहरदगा, खूंटी और पलामू सीट मिल सकती है। वहीं जेएमएम जमशेदपुर , चाईबासा, राजमहल, दुमका और गिरिडीह सीट पर चुनाव लड़ सकती है। आरजेडी को चतरा और सीपीआई (एमएल) को कोडरमा सीट दी जाएगी। मालुम हो की झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और लेफ्ट गठबंधन की सरकार है। पिछले ही दिनों झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन राहुल गांधी की मुंबई रैली में शामिल हुए थे। इसके बाद से ही सीटों की सहमति को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। बता दें कि झारखंड में सीट शेयरिंग पर चर्चा की खबरों के बीच कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश सरकार के मंत्री आलमगीर आलम दिल्ली में हैं।





