इंडिया गठबंधन को झटका, 3 विधायकों ने थामा बीजेपी का हाथ

पटना । बिहार में इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लग गया है। लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को आरजेडी और कांग्रेस के साथ एक और खेल हो गया। आरजेडी के एक और कांग्रेस के दो विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आरजेडी विधायक संगीता देवी, कांग्रेस विधायक मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरव भाजपा में शामिल हुए।तीनों विधायक भगवा धारण कर उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार विधानसभा पहुंचे। इस तरह इंडिया गठबंधन को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लग गया है। इससे पहले फ्लोर टेस्ट के दौरान आरजेडी के तीन विधायक पाला बदल चुके हैं। आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद, प्रह्लाद यादव और अनंत सिंह की पत्नी राजद का साथ छोड़ चुके हैं।आपको बता दें कि फ्लोर टेस्ट के दौरान कांग्रेस ने अपने दो विधायकों को बचाने की पूरी कोशिश की थी। वह अपने विधायकों को लेकर हैदराबाद गई थी। ये विधायक फ्लोर टेस्ट के ठीक पहले पटना लौट आए थे। इस तरह कांग्रेस तब अपने दो विधायकों को बचाने में कामयाब हो गई, लेकिन अब उसे बड़ा झटका लग चुका है। खास बात यह है कि कांग्रेस के दूसरे विधायक मुरारी गौतम नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल रह चुके हैं।कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के 6 विधायक एनडीए का दामन थाम चुके हैं। इन 6 विधायकों में कुल चार विधायक आरजेडी और कांग्रेस के दो विधायक शामिल हैं। आपको बता दें कि बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले तेजस्वी यादव ने कहा था कि खेल अभी बाकी है, लेकिन बीजेपी एक के बाद एक विधायकों को अपने पाले में लेकर खेला कर रही है। बीजेपी का ये भी दावा है कि इंडिया गठबंधन के कई विधायक पार्टी के संपर्क में हैं और वे जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं।





