सरफराज और प्रदीप वर्मा का राज्यसभा जाना तय,वैरंग मुम्बई लौटे हरिहर महापात्रा

सरफराज और प्रदीप वर्मा का राज्यसभा जाना तय,वैरंग मुम्बई लौटे हरिहर महापात्रा
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में एनडीए के डॉ प्रदीप वर्मा और इंडिया गठबंधन से डॉ सरफराज अहमद का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। चुनाव मैदान में सिर्फ दो प्रत्याशी के होने से मतदान पर पूर्णविराम लग गया है। संभावना यह जताई जा रही थी कि दो सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव के दरमियान दो से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे। दो से अधिक प्रत्याशी के चुनाव मैदान में होने के बाद मतदान करना आवश्यक हो जाता। दरअसल स्पाइसजेट को जीवनदान देने वाले बिजनेसमैन हरिहर महापात्रा भले ही राज्यसभा चुनाव के दरमियान नामांकन पत्र खरीद कर झारखंड की सियासत को गर्म कर रखा था मगर नोमिनेशन के लिए कोई भी विधायक प्रस्तावक के रुप में नहीं मिला जिसके कारण वे नामांकन के लिए नही पहुंचे, ऐसे में उन्हें खाली हाथ मुम्बई लौटना पड़ा। सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन पहले एनडीए के प्रत्याशी डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने नामांकन पत्र भरा। उनके नामांकन में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, आजसू विधायक लंबोदर महतो, एनसीपी विधायक कमलेश सिंह मौजूद थे। उन्होंने दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है। इसके कुछ देर बाद इंडिया गठबंधन की ओर से डॉक्टर सरफराज अहमद ने नॉमिनेशन फाइल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, माले विधायक विनोद सिंह मौजूद थे। नॉमिनेशन के बाद दोनों ओर से जीत का दावा किया गया। झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव सह राज्यसभा चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी सैयद जावेद हैदर ने नामांकन खत्म होने के बाद बताया कि 12 मार्च को नामांकन पत्रों की स्कूटनी होगी और 14 मार्च को नामांकन वापसी की तिथि निर्धारित है। नामांकन वापसी का समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की जा सकती है ।





