जैक 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी, 90.39 फीसदी परीक्षार्थी सफल,ज्योत्सना ज्योति बनी स्टेट टॉपर

जैक 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी, 90.39 फीसदी परीक्षार्थी सफल,ज्योत्सना ज्योति बनी स्टेट टॉपर
रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 90.3 फीसदी बच्चे सफल हुए हैं। जैक अध्यक्ष अनिल कुमार महतो ने इसकी घोषणा की है। रिजल्ट जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है। मैट्रिक परीक्षा में 90.39 फीसदी बच्चों ने सफलता हासिल की है। इस वर्ष 4 लाख 21 हजार 687 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था,जिसमे 1,91,262 छात्र और 2,00,549 छात्राएं शामिल थीं। वहीं 418623 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे जिसमे से 3,38,398 (90.39 फीसदी) पास हुए हैं। वहीं 2,05,110 परीक्षार्थी (54.20 फीसदी) फर्स्ट डिवीजन, 1,53,733 (40.65 फीसदी) सेकेंड डिवीजन और 19,555 (5.17 फीसदी) थर्ड डिवीजन से पास हुए हैं।10वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप 3 में शामिल सभी परीक्षार्थी इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, हजारीबाग के हैं। ज्योत्सना ज्योति 99.2 फीसदी अंक के साथ स्टेट टॉपर बनी है। वहीं 98.6 फीसदी अंक के साथ सना संजुरी सेकेंड स्टेट टॉपर और 98.4 फीसदी के साथ करिश्मा कुमारी व श्रीस्ति सौम्याल थर्ड स्टेट टॉपर रही। जैक अध्यक्ष ने बताया कि इस साल बोर्ड परीक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है. परीक्षा में 91 प्रतिशत लड़कियां और 89.7 प्रतिशत लड़के सफल हुए हैं। जमशेदपुर का रिजल्ट सबसे अच्छा 94 प्रतिशत रहा। वहीं 84.5 फीसदी के साथ देवघर का सबसे खराब प्रदर्शन रहा। इससे पहले 2023 में मैट्रिक की परीक्षा में 95.38 फीसदी और 2022 में 91.19 फीसदी रिजल्ट रहा था। मौके पर जैक के अध्यक्ष अनिल महतो, शिक्षा विभाग के प्रभारी सचिव उमाशंकर सिंह, माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्कर्ष गुप्ता, झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार महतो और सचिव एसडी तिग्गा मौजूद थे।





