कांग्रेस ने राहुल गांधी को अमेठी से नहीं रायबरेली से मैदान पर उतारा

नई
दिल्ली । कांग्रेस ने आज उत्तर प्रदेश के रायबरेली और अमेठी
संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
कांग्रेस की विज्ञप्ति के अनुसार, राहुल गांधी इस बार रायबरेली से लोकसभा
चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित
किया है।
उल्लेखनीय है राहुल इससे पहले अमेठी से ही चुनाव
लड़ते रहे हैं। उन्होंने पहली बार 2004 में अमेठी से चुनाव जीता। इसके बाद
लगातार तीन बार अमेठी से चुनकर लोकसभा पहुंचे। 2019 में उन्हें अमेठी में
भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि
राहुल ने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा और यहां से वह जीते।
सात
चरण में होने वाले आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को रायबरेली और
अमेठी में मतदान होना है। लंबे समय तक यह दोनों सीटें परंपरागत रूप से
नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के पास रही हैं। अमेठी से इस बार भी भाजपा
ने केंद्रीयमंत्री स्मृति ईरानी को मैदान पर उतारा है। 2019 में रायबरेली
से सोनिया गांधी ने जीत हासिल की थी। इस बार अमेठी से प्रियंका गांधी
वाड्रा के चुनाव लड़ने की चर्चा रही है। मगर कांग्रेस ने यहां से शर्मा को
टिकट देकर प्रियंका के चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया।





