एचईसी के तीनों प्लांट से उत्पादन ठप ,बकाये वेतन को लेकर अफसरों और मजदूरों ने कंपनी में की तालाबंदी

राष्ट्रीय सागर संवाददाता
रांची: हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) मुख्यालय के तीनों प्लांट में तालबंदी कर दी गयी है। यह तालाबंदी बकाये वेतन की मांग को लेकर कंपनी के अफसरों और मजदूरों ने की है। सुबह छह बजे से ही मजदूर हेवी मशीन टूल्स प्लांट (एचएमटीपी), हेवी मशीन बिल्डिंग प्लांट (एचएमबीपी) और फाउंड्री फोर्ज प्लांट (एफएफपी) के मुख्य गेट पर जुटने लगे थे। वहीं करीब आठ बजे तीनों प्लांटों के मुख्य गेट के साथ-साथ निगम मुख्यालय मुख्य गेट में ताला जड़ दिया। मुख्यालय सहित तीनों प्लांट में आज से किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। इस तालाबंदी के बाद एचईसी एक प्रकार से बंद पड़ गया है। कर्मचारियों ने कंपनी में अनिश्चित काल के लिए तालाबंदी की है। एचईसी में कर्मचारियों का 18 माह और अफसरों का 20 माह से वेतन बकाया है। बकाया वेतन की मांग को लेकर अभी सात श्रमिक संगठन एक मंच पर आकर कंपनी में तालाबंदी की है। सातों श्रमिक संगठनों ने एचईसी बचाओ मजदूरजन संघर्ष समिति का गठन किया है। इसी समिति के बैनर तले तालाबंदी की गयी है। आज सभा की अध्यक्षता करते हुए मनोज पाठक ने कहा कि जबतक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होता, तबतक यह तालाबंदी जारी रहेगी।





