प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान, भारत-घाना संबंधों को नई ऊँचाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान, भारत-घाना संबंधों को नई ऊँचाई
नई दिल्ली / अक्रा (घाना), 03 जुलाई 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना के राष्ट्रपति महामहिम जॉन ड्रमानी महामा द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान "ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके विशिष्ट नेतृत्व, दूरदर्शी राजनीति और वैश्विक मंच पर प्रभावशाली भूमिका के लिए प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वीकार करते हुए इसे भारत की युवा शक्ति की आकांक्षाओं, उसकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विविधता को समर्पित किया। साथ ही उन्होंने इसे भारत और घाना के ऐतिहासिक और गहरे संबंधों का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने घाना की जनता और सरकार को इस विशेष सम्मान और स्नेहपूर्ण gesture के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत और घाना के साझा लोकतांत्रिक मूल्य और परंपराएं दोनों देशों की साझेदारी को लगातार मजबूत करती रहेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उनके कंधों पर एक नई जिम्मेदारी भी है ताकि भारत-घाना संबंधों को और अधिक मजबूती दी जा सके और द्विपक्षीय सहयोग को नए आयाम मिल सकें।
उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी यह ऐतिहासिक राजकीय यात्रा भारत और घाना के बीच सहयोग और मित्रता को एक नई गति देगी और दोनों देशों के लोगों के बीच जुड़ाव को और गहरा बनाएगी।
यह सम्मान भारत के बढ़ते वैश्विक कद और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सशक्त भूमिका का प्रमाण है।





