राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने स्वाधीनता संग्राम आंदोलन के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस को किया नमन

नई
दिल्ली, 23 जनवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह पराक्रम दिवस पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस का पुण्य
स्मरण किया। राष्ट्रपति ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री
मोदी ने देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं दी हैं
राष्ट्रपति
द्रौपदी मुर्मू ने एक्स हैंडल पर लिखा है, ''पराक्रम दिवस के रूप में मनाई
जा रही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मैं सादर श्रद्धांजलि अर्पित
करती हूं। नेताजी ने भारत की स्वतंत्रता के लक्ष्य के लिए असाधारण
प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। उनके अद्वितीय साहस और करिश्माई व्यक्तित्व ने
भारतवासियों को औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध निडरता से लड़ने के लिए प्रेरित
किया। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व का हमारे स्वतंत्रता संग्राम पर गहरा प्रभाव
पड़ा। हमारे देशवासी नेताजी को कृतज्ञतापूर्वक सदैव याद रखेंगे।''
प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी ने इस मौके पर एक्स हैंडल पर एक ओजस्वी वीडियो संदेश जारी
किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '' पराक्रम दिवस पर भारत के लोगों को
शुभकामनाएं। आज नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर हम उनके जीवन और साहस का
सम्मान करते हैं। हमारे देश की आजादी के प्रति उनका अटूट समर्पण प्रेरणा
देता रहता है।''





