प्रधानमंत्री कल देंगे रांची बाइपास सहित झारखंड को आठ एनएच की सौगात

प्रधानमंत्री कल देंगे रांची बाइपास सहित झारखंड को आठ एनएच की सौगात
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल माध्यम से सोमवार को झारखंड को बड़ी सौगात देंगे। हजारों करोड़ की लागत की झारखंड सहित देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन-शिलान्यास कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे । हरियाणा के गुड़गांव से आयोजित समारोह में पीएम मोदी देश की बड़ी सड़क परियोजना द्वारका एक्सप्रेस-वे के पैकेज तीन और चार का उद्घाटन करेंगे। यहीं से ऑनलाइन मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट हाइवे के अंतर्गत निर्मित रांची बाइपास (विकास से रामपुर खंड) सहित झारखंड की छह सड़कों का उद्घाटन किया जायेगा। वहीं, 738 करोड़ की लागत से दो सड़कों के निर्माण के लिए शिलान्यास किया जायेगा। 214.62 किमी लंबी सड़क सहित 1714.7 करोड़ की परियोजना का उद्घाटन-शिलान्यास किया जायेगा। केंद्रीय सड़क राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड सहित सभी राज्यों को इस बाबत तैयारियों को लेकर पत्र भी लिखा है।
इन सड़कों का होगा उद्घाटन
परियोजना का नाम
एनएच 33 के रांची बाइपास का चार लेन का बैलेंस कार्य- 26.3 किमी, लागत 707.00 करोड़।
एनएच 218- के मुरुगटल से धनबाद खंड तक सड़क सुदृढीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य- 44 किमी, लागत-85.28 करोड़।
एनएच 33ए के सुंदर पहाड़ी से धरमपुर मोड़ खंड तक सड़क सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य- 27 किमी, 76.1 करोड़. एनएच 419 के रुपनारायणपुर से जामताड़ा खंड तक सड़क सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य- 20.44 किमी, लागत 32.2 करोड़।
एनएच 23 के गुमला से कोलेबिरा खंड तक सड़क सुदृढ़ीकरण- 47.4 किमी, लागत 57.1 करोड़.
एनएच 100 के सुलताना से बिरह खंड तक सड़क सुदृढीकरण कार्य- 10.35 किमी, लागत-18.1 करोड़।
इनका होगा शिलान्यास
परियोजना का नाम
एनएच-419 के पोखरिया मोड़ से गोविंदपुर खंड तक 4 लेन सड़क का चौड़ीकरण कार्य- 15.66 किमी, लागत 300.5 करोड़. एनएच-114ए के गिरिडीह बाइपास का 2 लेन पेब्ड सोल्डर सहित निर्माण कार्य- 23.8 किमी, लागत 438.3 करोड़
वर्चुअली कार्यक्रम में होंगे शामिल
पीएम द्वारा राष्ट्र को राष्ट्रीय राजमार्ग के उद्घाटन-शिलान्यास कार्यक्रम में वर्चुअली रुप से शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, पथ निर्माण मंत्री बसंत सोरेन सहित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को न्योता भेजा गया है। इसके अलावा क्षेत्रों के सांसद-विधायकों को भी शामिल होने का न्योता दिया गया है। पथ निर्माण विभाग सहित एनएचएआई के अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।
रांची- बाइपास बनने से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे, बाइपास से वाहन रामगढ़-जमशेदपुर जा सकेंगे
नेशनल हाइवे एनएच 33 के हिस्से के रूप में विकसित हुई रांची बाइपास विकास से रामपुर खंड सड़क 26.27 किमी लंबा है। यह रांची रिंग रोड को भी जोड़ता है। इसके बनने से रांची रिंग रोड करीब 86 किमी लंबा तक बन जायेगा। छह चरणों में पथ निर्माण विभाग ने रिंग रोड को बनवाया था, यह हिस्सा विकास से रामपुर तक की रोड को एनएच 33 में शामिल करने के बाद इसे एनएचएआई ने बनवाया है। 700 करोड़ की लागत से रामकृपाल कंस्ट्रक्शन ने इसका निर्माण कराया है। इसके बनने से रांची से जमशेदपुर जाने के लिए चार लेन रास्ता मिल जायेगा। वहीं, रामगढ़ रोड भी जाना आसान होगा। कांटाटोली चौक होते हुए अब बड़े वाहनों के आवागमन की आवश्यकता नहीं होगी, यहां रोजाना जाम से छूटकारा मिलेगा।





