मोतिहारी और महाराजगंज जनसभा में पीएम ने विपक्ष पर किया हमला,कहा- 21वीं सदी का भारत इंडी गठबंधन के पापो के साथ नही बढ सकता

मोतिहारी और महाराजगंज जनसभा में पीएम ने विपक्ष पर किया हमला,कहा-
21वीं सदी का भारत इंडी गठबंधन के पापो के साथ नही बढ सकता
-मुझे आपके और आपके बच्चों के भविष्य के लिए विकसित बिहार बनाना है
- गठबंधन में 20 लाख करोड़ के घोटालेबाज एक साथ
पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मोतिहारी और महाराजगंज लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों राधामोहन सिंह और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के पक्ष में मंगलवार को चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए आईएनडीआई गठबंधन पर जमकर प्रहार किया। महाराजगंज में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का पता है यह गठबंधन। इनके नेताओं में तीन बातें एक जैसी हैं। कम्युनल, जातिवाद और परिवारवाद। गठबंधन में 20 लाख करोड़ के घोटालेबाज एक साथ हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने गारंटी देते हुए कहा कि आपके लिए दिन-रात मेहनत करुंगा। पहले से भी ज्यादा मेहनत करूंगा। मुझे आपके और आपके बच्चों के भविष्य के लिए विकसित बिहार बनाना है। विकसित भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि कल ही पांचवें चरण का चुनाव पूरा हुआ है। पहले चरण में आईएनडीआई गठबंधन पस्त हो गया था। इसके बाद के तीन चरणों में इंडी गठबंधन पूरी तरह परास्त हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपका ये उत्साह और आशीर्वाद दिखा रहा है कि छठे और सातवें चरण में देश में क्या होने वाला है।कल ही 5वें चरण का चुनाव पूरा हुआ है। पहले चरण में इंडी गठबंधन पस्त हो गया था, इसके बाद के चरणों में इंडी गठबंधन ध्वस्त हुआ और कल हुए पांचवें चरण में इंडी गठबंधन पूरी तरह परास्त हो चुका है।पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के पहले दिन ही बापू को पूरी तरह छोड़ दिया, बापू के आचार-विचार और बापू के आदर्शों को छोड़ दिया था। उन्होंने अपना सारा ध्यान सिर्फ और सिर्फ एक परिवार को आगे बढ़ाने पर लगाया।पीएम ने कहा कि जो लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा होते हैं उन्हें पता नहीं कि गरीबी क्या होती है। मैंने सुना है कि यहां कोई घूम-घूमकर कह रहा है कि चार जून के बाद मोदी को बेड रेस्ट होगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मोदी तो क्या देश के किसी भी नागरिक के जीवन में बेड रेस्ट की नौबत नहीं आनी चाहिए। जंगलराज के वारिस से और अपेक्षा भी क्या की जा सकती है। जैसे-जैसे चार जून पास आ रहा है, मोदी के लिए आईएनडीआईए वालों की गालियां और बद्दुआओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इनसे बर्दाश्त नहीं हो रहा कि मोदी को देश की जनता अगले पांच साल के लिए फिर चुनने जा रही है।मोदी ने कहा कि जिन्होंने बिहार को जंगलराज दिया। नौजवानों को पलायन दिया। परिवारों को गरीबी दी। बिहार के लोगों को मारा-तड़पाया। माताओं-बहनों का जीवन बर्बाद किया। जो लोग आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं, जिन्हें अदालत ने घोटाले का दोषी साबित किया है, इन लोगों की आंखों में मोदी चौबीस घंटे खटकता है लेकिन इनकी लाख कोशिशों के बाद भी मैं आपकी सेवा में डटा रहूंगा।पीएम ने कहा कि गरीब से गरीब मां-बाप भी हमेशा चाहता है कि जाने के बाद बच्चों को विरासत में कुछ देकर कर जाएं। मोदी एक ऐसा इंसान है जिसकी अपनी कोई विरासत नहीं है। मेरे लिए तो आप ही मेरी विरासत हैं। आप ही मेरे वारिस हैं। मेरा और कोई वारिस नहीं है। इसलिए मुझे आपका और आपके बच्चों का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए अपने आप को खपा देना है। इसलिए आपके गांव आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए केंद्र में फिर एक बार मजबूत सरकार चाहिए।





