पीएम मोदी की ध्यान साधना पर तेजस्वी ने कहा- मार्केटिंग कर रहे हैं प्रधानमंत्री

पीएम मोदी की ध्यान साधना पर तेजस्वी ने कहा-
मार्केटिंग कर रहे हैं प्रधानमंत्री
पटना। सातवें और अंतिम चरण का प्रचार खत्म होने के बाद पीएम मोदी साधना करने 30 मई से 1 जून तक कन्याकुमारी के विवेकानंद मेमोरियल रॉक पर पहुंचे हैं। बिहार में इस पर सियासत तेज हो गई है।राजद ने पीएम के साधना पर हमला किया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे राजनैतिक मार्केटिंग बताते हुए इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के एक्स पर लिखा है कि ध्यान-साधना दिखावे और प्रचार की चीज नहीं है। कैमरा के साथ कौन ध्यान करता है? चुनाव से पहले यह सब पीआर स्टंट है उन्होंने एक वीडियो भी डाला है कहा कि प्रधानमंत्री कन्याकुमारी मार्केटिंग करने, फोटो खिंचवाने, शूटिंग करने गए हैं। पिछली बार गुफा में बैठे थे,फोटो खिंचवा रहे थे। इस बार कन्याकुमारी जा रहे हैं तो उनसे निवेदन है कि मीडिया और कैमरा पर प्रतिबंध लगाए।
तेजस्वी ने कहा कि साधना में मीडिया का क्या काम है। मीडिया से तो ध्यान भंग होगा। तेजस्वी ने कहा कि ध्यान करना है कीजिए लेकिन मार्केटिंग मत कीजिए।राजद नेता तेजस्वी ने कहा कि ध्यान भी करते हैं तो कैमरे के सामने ही करते हैं।तेजस्वी यादव ने दावा किया कि केंद्र में अगली सरकार इंडी गठबंधन की बनने जा रही है।उन्होंने तीन सौ सीटों पर जीत का दावा किया।बता दें एक जून को लोकसभा चुनाव के सातवें आखिरी अंतिम चरण के मतदान के मद्देनजर उनके ध्यान कार्यक्रम के प्रसारण का राजनीतिक विरोध किया जा रहा है। मोदी के इस कार्यक्रम के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा समेत सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।विवेकानंद के नाम पर बना यह स्मारक समुद्र के बीच में स्थित है।ये पहली बार है, जब प्रधानमंत्री इस स्मारक पर ठहरेंगे। ये स्मारक स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि के तौर पर बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार खत्म होने के बाद केदारनाथ गुफा में भी इसी तरह ध्यान लगाया था।





