महज 39 गेंदों में शतक, फिल साल्ट ने टी20 मैच में बनाया नया रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में साल्ट ने महज 39 गेंदों में शतक जड़कर इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक का नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन का 2021 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाए गए 42 गेंदों वाले शतक का रिकॉर्ड तोड़ा।
फिल साल्ट का सबसे तेज टी20 शतक
साल्ट ने अंत तक नाबाद रहते हुए 60 गेंदों में 141 रन ठोके। उनकी इस पारी में 15 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। यह इंग्लैंड की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी है। इस सूची में दूसरा स्थान भी साल्ट के नाम है, जिन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 119 रन बनाए थे। वहीं तीसरे स्थान पर एलेक्स हेल्स हैं, जिन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 116 रन बनाए थे।
बटलर की आतिशी बल्लेबाज़ी से मिला साथ
ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 304 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। साल्ट के अलावा कप्तान जोस बटलर ने सिर्फ 30 गेंदों में 83 रन (7 छक्के, 8 चौके) की पारी खेली। जैकेब बैथेल ने 26 और हैरी ब्रूक ने 41 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ ब्योर्न फोर्टुइन को 2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 16.1 ओवर में महज 158 रन पर ढेर हो गई। कप्तान एडन मार्करम ने 20 गेंदों पर 41 और फोर्टुइन ने 32 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट झटके, जबकि सैम कर्रन, लियाम डॉसन और विल जैक्स ने 2-2 विकेट चटकाए।
सीरीज 1-1 की बराबरी पर, नॉटिंघम में होगा निर्णायक मैच
इस शानदार जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब निर्णायक मुकाबला 14 सितंबर को नॉटिंघम में खेला जाएगा।





