दिल्ली बैठक के बाद पप्पू यादव सीधे पूर्णिया रवाना -सबकुछ ठीक रहा तो 2 को भरेंगे नामांकन

दिल्ली बैठक के बाद पप्पू यादव सीधे पूर्णिया रवाना
-सबकुछ ठीक रहा तो 2 को भरेंगे नामांकन
पटना।अपनी पार्टी जाप के साथ कांग्रेस में जाने के बाद कांग्रेस ने पप्पू यादव के लिए महागठबंधन में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के सामने पूर्णिया की सीट की मांग रख दी। पप्पू भी अड़ गए। दूसरी तरफ लालू प्रसाद ने बीमा भारती को आरजेडी में शामिल कर लिया।बीमा भारती की ताकत उनके पति अवधेश मंडल हैं। भारती गंगोता जाति से आती हैं। बीमा ने पूर्णिया से दावेदारी कर दी, लेकिन इस पेंच को सुलझाने के एजेंडे के साथ कांग्रेस और आरजेडी के बीच कांग्रेस केन्द्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मुकुल वासनिक के आवास पर बैठक हुई। बैठक के दो बड़े डेवलपमेंट सामने है। कटिहार सीट को लेकर भी पॉलिटिकल डेवलपमेंट है।पहला यह कि तेजस्वी ने कहा कांग्रेस और लेफ्ट के साथ सम्मानजक सीटें मिलेंगी, अंडरस्टैंडिंग हो गई है। दूसरा डेवलपमेंट यह कि दिल्ली से पप्पू यादव मंगलवार को सीधे पूर्णिया रवाना हो गए। जानकारी है कि सब कुछ ठीक रहा तो पप्पू यादव 2 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन भरेंगे।पप्पू यादव के कांग्रेस के टिकट पर पूर्णिया से चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेस, आरजेडी और पप्पू यादव की तरफ से पूर्णिया सीट पर कोई बात साफ-साफ कही भी नहीं जा रही है लेकिन जानकारी है कि पूर्णिया सीट पप्पू यादव को महागठबंधन में मिल जाएगा।
बता दें पूर्णिया से लगातार दो बार यानी 2014 में और 2019 में जेडीयू के संतोष कुशवाहा चुनाव जीते हैं। पप्पू यादव की ताकत यह है कि वे यहां से दो बार लोकसभा का चुनाव निर्दलीय जीत चुके हैं। 99 और 91 में पप्पू निर्दलीय जीते जबकि एक बार 96 में सपा के टिकट से लोकसभा गए। पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य हैं।





