पेपर लीक : 15 मार्च की बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा रद्द - ईओयू की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया निर्णय - नई तारीख का ऐलान जल्दी ही किया जाएगा

पेपर लीक : 15 मार्च की बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा रद्द
- ईओयू की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया निर्णय
- नई तारीख का ऐलान जल्दी ही किया जाएगा
पटना. बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 15 मार्च की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-3) रद्द कर दी है। दोनों पालियों की परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब परीक्षा की नई डेट आएगी. वहीं, इस मामले में करीब 300 कैंडिडेट्स को जेल भेजा गया है। यह सभी झारखंड के हजारीबाग में पेपर सॉल्व करते पकड़े गए थे। इस मामले में ईओयू जांच कर रही है। उसकी रिपोर्ट पर बीपीएससी ने यह फैसला लिया है।
गौरतलब है कि पहले आयोग की तरफ से पेपर लीक मामले में ईओयू से ठोस सबूत मांगे गए थे, जिसके जवाब में ईओयू ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार के साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को नियमानुसार किसी के साथ साझा नहीं किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में आयोग ने अभ्यर्थियों के व्यापक हित को देखते हुए एवं कदाचारमुक्त व पारदर्शितापूर्ण परीक्षाओं को आयोजित कराने की प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है।
10-15 लाख में हुआ था डील :
बिहार में पेपर सॉल्वर गैंग के अब तक के सबसे बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध ईकाई (ईओयू), बिहार पुलिस और झारखंड पुलिस के जॉइंट आॅपरेशन में सॉल्वर गैंग नेटवर्क के लगभग 300 अभ्यर्थियों और संगठित गिरोह को हिरासत में लिया था। ये सभी कैंडिडेट बीपीएससी की ओर से आयोजित बिहार शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई) -3 के एग्जाम में शामिल होने वाले थे। इसके बाद ईओयू ने सभी को पटना सिविल कोर्ट में पेश किया। फिर कोर्ट ने जेल भेजा।
आयोग ने जारी किया नोटिस :
बिहार लोक सेवा आयोग ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा है तीसरे चरण (टीआरई-3.0) की परीक्षा 15 मार्च, 2024 को दो पालियों में आयोजित की गई थी। आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जांच रिपोर्ट दी गई, जिसमें कहा गया है कि प्रश्न-पत्र परीक्षा के पूर्व ही संगठित गिरोह के पास पहुंच गया था। इस संबंध में ईओयू ने विभिन्न धाराओं के तहत 16 मार्च को एफआईआर दर्ज किया था।
कल होने वाला था आंदोलन:
शिक्षक भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर छात्र संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कल 21 मार्च को बीपीएससी कार्यालय के पास आंदोलन करने की बात कही थी। वहीं, शिक्षक नेता अमित विक्रम ने कहा कि अभ्यार्थियों और छात्रों के दबाव में बीपीएससी ने भर्ती परीक्षा रद्द कर दी है, लेकिन हमारा संघर्ष यहीं समाप्त नहीं होता है। इस पेपर लीक कांड में जो भी दोषी हैं, उन सबको सजा दिलवाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। सॉल्वर गैंग हो या कोचिंग माफिया, सबके खिलाफ जंग जारी रहेगा।
.........................





