भीख मांग रहा पाकिस्तान, फिर भी 1 अरब खर्च! इमरान की रिहाई के लिए PTI का हल्ला बोल, इस्लामाबाद में हाई अलर्ट

कंगाली से जूझ रहा पाकिस्तान अपनी ही आवाम के प्रदर्शन को रोकने के लिए 1 अरब रुपये फूंकने जा रहा है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI के इस्लामाबाद मार्च ने शहबाज शरीफ सरकार की नींद उड़ा दी है। दरअसल इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद की तरफ लॉन्ग मार्च का ऐलान किया था। मुख्य मांग है जेल में बंद 73 साल के इमरान खान की रिहाई। इमरान 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए सरकार ने राजधानी को कंटेनरों के किले में बदल दिया।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक इस्लामाबाद पुलिस ने पहले सुरक्षा के लिए 82 करोड़ रुपये मांगे थे। यह खर्च 1550 शिपिंग कंटेनर किराए पर लेने, पंजाब से 16,000 और सिंध से 2,000 पुलिसकर्मियों के खाने-पीने और ठहरने पर होना था। ऑल पाकिस्तान गुड्स एलायंस के मुताबिक एक कंटेनर का रोज का किराया 30,000 रुपये तय हुआ है। इस हिसाब से सिर्फ कंटेनरों का रोज का किराया 4.65 करोड़ रुपये है। एक हफ्ते का 32.5 करोड़ और दो हफ्ते का 65 करोड़।लेकिन PTI ने सरकार का खेल पलट दिया।
PTI ने अपना प्रदर्शन 27 सितंबर से टाल कर 4 अक्टूबर कर दिया। यानी सरकार को एक हफ्ता और अलर्ट पर रहना होगा। अब यह खर्च डबल होकर 1 अरब रुपये से ज्यादा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सिंध पुलिस के 2,000 जवान इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं जो पुलिस लाइन्स, फैसल मस्जिद और G-13 कम्युनिटी सेंटर में टेंटों में रह रहे हैं। उनके तीन टाइम के खाने पर रोज 12 लाख रुपये खर्च हो रहा है। पंजाब पुलिस के जवानों का अभी इंतजार है।दूसरी तरफ सरकार ने इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी है।
खैबर पख्तूनख्वा से इस्लामाबाद आने वाले सभी बड़े रास्तों पर कंटेनर लगा कर बंद कर दिया गया है। जमात-ए-इस्लामी भी इसी दौरान प्रदर्शन की तैयारी में है, इसलिए पुलिस ने गृह मंत्रालय से नई आंसू गैस गन, शेल और रबर बुलेट के लिए भी अलग से पैसा मांगा है।सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी जनता ही सरकार को ट्रोल कर रही है कि IMF से भीख मांगने वाला देश अपनी ही जनता को रोकने के लिए अरबों रुपये बर्बाद कर रहा है।
विषय





