सौंदर्य निखारने तक ही नहीं सीमित है प्लास्टिक सर्जरी का दायरा: सिंघल
नई दिल्ली। प्लास्टिक सर्जरी सिर्फ सौंदर्य निखारने तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसका दायरा बहुत व्यापक है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली (एम्स) के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. मनीष सिंघल ने कहा कि सर्जरी की यह विधा सिर्फ कॉस्मेटिक सर्जरी तक ही सीमित नहीं है बल्कि कॉस्मेटिक सर्जरी प्लास्टिक सर्जरी का एक हिस्सा है।सिंघल ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्लास्टिक सर्जरी के विषय में जागरुकता बढ़ाने के लिए देशभर में 15 जुलाई को राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में दिल्ली एम्स भी 15 जुलाई को राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी दिवस मनाने जा रहा है। इस दौरान एम्स 'सुश्रुत फिल्म महोत्सव-2022' का आयोजन करने जा रहा है। इस फिल्म महोत्सव में देशभर से प्लास्टिक सर्जरी से जुड़े डॉक्टरों व विशेषज्ञों की ओर से बनाई गई फिल्मों को दिखाया जाएगा। ये फिल्में लोगों को जागरूक करने में कारगर साबित होंगी। सिंघल ने कहा कि पूरे देश से एम्स को तीन से सात मिनट की 120 लघु फिल्में प्राप्त हुई हैं। जो प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ी विभिन्न विषयों पर आधारित हैं। ये फिल्में सर्जरी की इस विधा के व्यापकता को दर्शाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान तीन सबसे अच्छी फिल्मों को पुरस्कृति किया जाएगा। प्रथम विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 50 हजार रुपये व तृतीय विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।





