मूणत को ओड़िशा के लोकसभा चुनाव में पुरी सीट जिताने की जिम्मेदारी
रायपुर,। भारतीय जनता पार्टी ने दिग्गज विधायक तथा पूर्व मंत्री
राजेश मूणत को ओड़िशा के लोकसभा चुनाव में पुरी सीट पर बड़ी जिम्मेदारी
देकर भेज दिया है।
मूणत पुरी पहुंच गए हैं और उन्होंने बैठकों के
साथ-साथ प्रचार भी शुरू कर दिया है। पुरी ओड़िशा की चर्चित सीटों में एक
है, जहां लोकसभा में भाजपा से संबित पात्रा चुनाव लड़ रहे हैं, तो पुरी
विधानसभा के लिए जयंत सारंगी को उतारा गया है। रायपुर लोकसभा सीट पर भाजपा
उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल के क्लस्टर प्रभारी के तौर पर काम को देखते हुए
ही पार्टी ने मूणत को पुरी भेजा है।
अपने चुनावी दौरे को
लेकर भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने बताया कि, पार्टी ने उन्हें पुरी
विधानसभा का जिम्मा सौंपा है। उन्होंने कहा कि पुरी भगवान जगन्नाथ की भूमि
है, जहां रहनेवाले लोग रामभक्तों के साथ हैं। पुरी की जनता ने तय कर लिया
है कि जो अयोध्या में भगवान राम को लाए हैं, उन्हें ही देश और राज्य की
बागडोर सौंपनी हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं पुरी विधानसभा सीट के कोने-
कोने तक जा रहा हूं और पार्टी के प्रत्याशियों को बहुत स्नेह मिल रहा है।
मूणत ने पुरी में नेताओं-कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने दुनिया में ओडिशा की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। ओडिशा की एक
आदिवासी बेटी राष्ट्रपति बनी हैं, जिससे देशभर में आदिवासियों का सम्मान
बढ़ा है। जबकि बीजू जनता दल के 25 साल के शासन में मुख्यमंत्री नवाीन पटनायक
ने ओड़िशा को 50 साल पीछे धकेल दिया है। इसीलिए जनता ने अब नवीन बाबू को
अलविदा कहने का मन बना लिया है। मूणत ने दावा किया कि पीएम मोदी तीसरी बार
प्रधानमंत्री बनेंगे तथा ओड़िशा में अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। राजेश
मूणत ने यह भी बताया कि पीएम मोदी 20 मई को ओड़िशा का दौरा करेंगे।





