आजादी के बाद कुछ नेताओं ने सिर्फ अपनी गरीबी दूर की - मोदी

नई दिल्ली।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिमी यूपी के बुलंद शहर में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कोई गरीबी हटाओ का नारा देता रहा। कोई सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोलता रहा। लेकिन देश के गरीबों ने देखा कि सिर्फ कुछ परिवारों के घर अमीरी आई, कुछ ही परिवारों की राजनीति फली-फूली।
सामान्य गरीब, दलित, पिछड़ा तो अपराधियों और दंगों से सहमा हुआ था। लेकिन अब देश में स्थितियां बदल रही हैं। मोदी, ईमानदारी से आपकी सेवा में जुटा है। इसी का नतीजा है कि हमारी सरकार के 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग...ये आंकड़ा बहुत बड़ा है...25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। जो बाकी बचे हैं, उन्हें भी उम्मीद जगी है कि वे भी जल्द ही गरीबी को परास्त कर देंगे।
मेरे लिए तो आप ही मेरा परिवार हैं। आपका सपना ही मेरा संकल्प है। इसलिए, आप जैसे देश के सामान्य परिवार जब सशक्त होंगे, तो यही मोदी की पूंजी होगी। गांव-गरीब हो, युवा, महिला, किसान हो, सबको सशक्त करने का ये अभियान जारी रहेगा।
आज मैं देख रहा था, कुछ मीडिया वाले चला रहे थे कि आज बुलंदशहर में मोदी चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। मोदी तो विकास का बिगुल फूंकता रहता है। मोदी तो समाज के आखिरी व्यक्ति के कल्याण के लिए बिगुल फूंकता रहता है। मोदी को न पहले जरूरत थी, न आज जरूरत है, न आगे जरूरत है, चुनाव के बिगुल फूंकने की।
मोदी के लिए तो ये जनता-जनार्दन बिगुल फूंकती रहती है। और जब जनता-जनार्दन बिगुल फूंकती है, तो मोदी को अपना समय उस बिगुल को फूंकने में नहीं लगाना पड़ता। उसको तो अपना समय जनता-जनार्दन के चरणों में बैठ करके सेवा भाव से काम करने में उसका समय लगा रहता है।





