पटना बुलाए गए विधायक,फ्लोर टेस्ट से पहले जेडीयू की घेराबंदी

पटना बुलाए गए विधायक,फ्लोर टेस्ट से पहले जेडीयू की घेराबंदी
-आज श्रवण कुमार के आवास पर भोज, कल विजय चौधरी के घर बैठक
-बीजेपी ने पहले ही अपने विधायकों को गया भेजने का लिया है फैसला
पटना। बिहार विधानसभा में 12 फरवरी को होने वाले फ्लोर टेस्ट होना है। इसके पहले बिहार की सियासत में खलबली मची हुई है। बीजेपी और जदयू दोनों अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में लगी हैं। कांग्रेस ने पहले ही अपने विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है।राजद के 12 फरवरी को खेला होने के दावे के बीच जदयू ने बड़ा फैसला लिया है। अपने सभी विधायकों को पटना आने का निर्देश जारी किया है। शनिवार को सभी विधायक मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर जुटेंगे। श्रवण कुमार के आवास पर भोज होगा। इस भोज के बहाने सभी विधायक आएंगे।वहीं, 11 फरवरी को मंत्री विजय चौधरी के आवास पर बैठक होगी। इस बैठक में सभी विधायकों को शामिल रहना जरूरी है। फ्लोर टेस्ट से पहले दो दिनों तक सभी विधायकों को एकजुट रखने और टूट से बचाने के लिए जदयू की यह बड़ी रणनीति मानी जा रही है।भाजपा ने फ्लोर टेस्ट से दो दिन पहले सभी विधायकों को बोध गया पहुंचने का निर्देश दिया है। 11 फरवरी तक सभी विधायक यहां रहेंगे। 11 की शाम सभी विधायक पटना लौटेंगे।हालांकि, पार्टी की तरफ से इसे ट्रेनिंग प्रोग्राम बताया जा रहा है, लेकिन सियासी जानकार की माने तो भाजपा अपने सभी विधायकों पर नजर रखने के लिए ऐसा कर रही है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े पिछले दो दिनों से लगातार बिहार में कैंप कर रहे हैं। सूत्रों की माने तो वे हर दिन विधायकों का अपडेट रख रहे हैं।बहुमत के लिए लगातार सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच एक-दूसरे के विधायकों को अपने पाले में लाने के लिए दावे किए जा रहे हैं। वहीं, बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री रामसूरत राय ने इसका खंडन किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के तमाम विधायक किसी टूट या खतरे की वजह से बोधगया में शिफ्ट नहीं हो रहे हैं। बल्कि, लोकसभा चुनाव को लेकर संगठन की दो दिवसीय बैठक का आयोजन बोधगया में होने जा रहा है। जिसमें चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। बिहार में किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन में ऐसी ताकत नहीं है जो किसी भी बीजेपी विधायक को खरीद सके।नीतीश के मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि फ्लोर टेस्ट से पहले बड़ा खेल किया जा रहा है। कुछ लोग खरीद-फरोख्त करने की तैयारी कर रहे हैं। हमारे नेताओं को खरीदने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मालूम नहीं है कि जदयू में सब एकजुट हैं। उनकी सारी रणनीति हम लोग के पास आ रही है। इसलिए उनकी दाल नहीं गलने वाली है।वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने आगे कहा कि कुछ लोग हमारे विधायकों के पास ठेकेदार भेज रहे हैं। प्रलोभन दे रहे हैं। इसका उन्हें कोई फायदा होने वाला नहीं है। हमारे विधायक सभी मामले की जानकारी हम लोगों को दे रहे हैं।





