मेरा गठबंधन बिहार की जनता के साथ, हमेशा रहूंगा समर्पित : चिराग पासवान

मेरा गठबंधन बिहार की जनता के साथ, हमेशा रहूंगा समर्पित : चिराग पासवान
मुजफ्फरपुर। मैं जब तक जिंदा रहूंगा, जब तक मेरे शरीर में लहू का एक भी कतरा रहेगा, मैं सिर्फ और सिर्फ बिहार और बिहारियों के लिए समर्पित रहूंगा। उक्त बातें लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज में आयोजित जन आशीर्वाद महासभा को संबोधित करते हुए कहीं।
श्री चिराग ने कहा कि आज जब गठबंधन को लेकर मीडिया में सुर्खियां बनी हुई है और यह कयास लगाए जा रहे हैं कि लोजपा रामविलास किसके साथ गठबंधन करेगी और आने वाले दिनों में हम किसके साथ चुनाव लड़ेंगे? उन्हें एक बात स्पष्ट कर दूं कि मेरा गठबंधन बिहार की जनता के साथ है और जब तक मैं जिंदा रहूंगा, जब तक मेरे शरीर में लहू का एक भी कतरा रहेगा, मैं सिर्फ और सिर्फ बिहार और बिहारियों के लिए समर्पित रहूंगा। चिराग ने कहा कि बिहार में कई सरकारें आई और कई सरकारें गई। कई गठबंधन आए और कई गठबंधन टूटे पर आज भी हमारे प्रदेश की समस्याएं वही की वही है। हमारे प्रदेश को कई सरकारों ने लूटा है। कई राजनीतिज्ञों ने बड़े-बड़े वादे किये लेकिन बिहार के लोग आज भी छोटी-छोटी नौकरियों के लियें दूसरे प्रदेशों में मजबूरन जाते हैं। पलायन हमारे प्रदेश के लिए एक बड़ी समस्या बनी हुई है, इसलिए अब वक्त आ गया है कि बड़े-बड़े वादे और झूठे वायदे करने वालों को सबक सिखाया जायें। यही कारण है कि हमारी पार्टी बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट के तहत आज 14 करोड़ बिहारी आबादी के लिए लड़ाई लड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज आप लोग जब यहां पर इतनी भारी संख्या में मौजूद हैं, आपकी यह उपस्थिति दर्शाती है कि बिहार ने विकास का अब मन बना लिया है। लेकिन इसमें मैं चिराग पासवान अकेला नहीं कुछ कर सकता। आप सबों को भी चिराग पासवान बनना होगा। चिराग पासवान की नीतियों को गांव गांव जाकर बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट के बारे में बताना होगा। आप लोग मेरा साथ दीजिए, मैं आपको नया बिहार बनाकर दूंगा।
उक्त कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह और सांसद वीणा देवी द्वारा स्वर्ण और चांदी का मुकूट एवं तलवार और पुष्प माला पहनाकर गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, डॉ. शाहनवाज अहमद कैफी, संजय पासवान, संजय सिंह, वेद प्रकाश पाण्डेय, संजय कुमार सिंह, ई. रविन्द्र कुमार सिंह, विनीता सिंह, चुलबुल शाही, डॉ. अजय, सिमांत मृणाल पासवान, कमलेश यादव मौजूद थे।





