ऑपरेशन महादेव में बड़ी कामयाबी: पहलगाम हमले के तीन खूंखार आतंकी ढेर, गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष को घेरा

ऑपरेशन महादेव में बड़ी कामयाबी: पहलगाम हमले के तीन खूंखार आतंकी ढेर, गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष को घेरा
नई दिल्ली, 29.07.25 – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में ‘ऑपरेशन महादेव’ की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि पहलगाम (बेसरन घाटी) में हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल तीन खूंखार आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। इन आतंकियों के नाम हैं सुलेमान उर्फ फैज़ल, अफगान और जिब्रान। यह कार्रवाई भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में अंजाम दी गई।
अमित शाह ने कहा कि तीनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा संगठन से जुड़े थे और ‘ए-श्रेणी’ के खतरनाक आतंकवादी थे। इनमें सुलेमान लश्कर का कमांडर था, जबकि अफगान और जिब्रान भी उसी संगठन के शीर्ष स्तरीय सदस्य थे। ये तीनों आतंकवादी बेसरन घाटी में हुए आतंकी हमले में शामिल थे, जिसमें कई नागरिकों की जान गई थी।
गृह मंत्री ने बताया कि इन आतंकियों को स्थानीय लोग भोजन पहुंचाया करते थे, जिन्हें पहले ही जांच एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया था। जब इन आतंकियों के शव श्रीनगर लाए गए, तो इन्हीं स्थानीय सहयोगियों की पहचान के आधार पर पुष्टि हुई कि मारे गए आतंकवादी वही हैं जो पहलगाम हमले में शामिल थे।
अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “मैंने सोचा था कि जब विपक्ष यह सुनेगा कि पहलगाम के हत्यारे मारे गए हैं, तो वह खुश होगा। लेकिन दुख की बात है कि उनके चेहरे पर खुशी नजर नहीं आती।” उन्होंने यह भी कहा कि “यह ऑपरेशन उन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए।”
गृहमंत्री ने इस कार्रवाई को नरमी नहीं, निर्णायक राष्ट्रनीति का प्रतीक बताया और स्पष्ट किया कि आतंकवाद के प्रति मोदी सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
सावधानी और सुरक्षा के लिए अपील:
घाटी में यात्रा पर निकले श्रद्धालु और पर्यटक प्रशासन की चेतावनियों और मार्गदर्शन का पालन करें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या सेना को दें।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
स्थानीय नागरिक भी सतर्क रहें और देश की सुरक्षा में सहयोग करें।





