लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र भाजपा के समीर उरांव, कांग्रेस के सुखदेव भगत व निर्दलीय चमरा लिंडा के बीच महा मुकाबला कल

लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र
भाजपा के समीर उरांव, कांग्रेस के सुखदेव भगत व निर्दलीय चमरा लिंडा के बीच महा मुकाबला कल
गुमला : लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कल 14 लाख 41 हजार मतदाता कल करेंगे 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला। सभी प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए अपनी पुरी ताकत झोंक दी है। मगर मुख्य मुकाबला भाजपा के समीर उरांव, कांग्रेस के सुखदेव भगत व निर्दलीय व चर्चित उम्मीद्वार चमरा लिंडा के बीच है। लगातार तीन बार से लोहरदगा की सीट पर काबिज भाजपा क्या चौथी बार भी जीत का सिलसिला बनाए रखेगी, क्या कांग्रेस के सुखदेव भगत भगत पिछले चुनाव में मिली हार का बदला भाजपा से ले पाएंगे, क्या चमरा लिंडा को इस बार किस्मत साथ देगी,ये सवाल सभी के मन को मथ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की चुनावी सभा में उमड़ी भीड़, समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज, बूथ स्तर तक संगठन की सीधी पहुंच, लाभार्थियों को मिले केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, राम मंदिर का निर्माण और सबसे बढ़कर पीएम नरेंद्र मोदी की मतदाताओं के बीच अपार लोकप्रियता से भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव का हौसला काफी बुलंद है। वहीं मतदाताओं का रूझान भी भाजपा की ओर देखा जा रहा है। यह कहा जा सकता है कि रोमांचक चुनावी रेस में भाजपा सबसे आगे दिखाई पड़ रही है। इधर कांग्रेस के सुखदेव भगत अल्पसंख्यक ईसाई- मुस्लिम मतदाताओं की पहली पसंद बने हुए हैं। राहुल गांधी की सफल चुनावी सभा ने कांग्रेसियों में एक नई जान फूंक दी है। सुखदेव भगत को गत लोगसभा चुनाव में भाजपा के सुदर्शन भगत के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी । उक्त चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था। तब भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार तो चुनावी मैदान में झामुमो के बागी विधायक चमरा लिंडा भी ताल ठोक रहें हैं। 2004,2009 व 2014 के लोकसभा चुनाव में चमरा लिंडा का शानदार प्रदर्शन रहा है। उनके इसी दमखम के कारण कांग्रेस तीन बार से लगातार हारती रही और कमल खिलता रहा। चमरा लिंडा कहते हैं कि इस बार उनका सीधा मुकाबला भाजपा से है और कांग्रेस तीसरे पायदान पर रहेगी। श्री लिंडा के पास भी समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज है। जो कड़ी मेहनत करते हुए चुनावी मुकाबले को निर्णायक मोड़ देने में जुटे हुए हैं। इधर निर्दलीय प्रत्याशी मरियानुस तिग्गा और भाकपा के महेंद्र उरांव भी चौथे स्थान के लिए जद्दोजहद कर रहें हैं। अब देखना है कि सोमवार को मतदाताओं का मिजाज और रूझान किस ओर रहेगा।
ये हैं लोहरदगा लोक सभा के प्रत्याशी और उनका चुनाव चिन्ह
लोहरदगा लोक सभा चुनाव क्षेत्र से इस बार कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहें हैं। इनमें गिरजानंद उरांव (बहुजन समाज पार्टी) चुनाव चिन्ह –हाथी, समीर उरांव (भारतीय जनता पार्टी) चुनाव चिन्ह – कमल फुल, सुखदेव भगत ( इंडियन नेशनल कांग्रेस) चुनाव चिन्ह- हाथ, बिहारी भगत (पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया) चुनाव चिन्ह- फलों से युक्त टोकरी, महेंद्र उरांव( कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया) चुनाव चिन्ह- बाल व हंसिया, मनी मुंडा (भागीदारी पार्टी) चुनाव चिन्ह- एयर कंडीशनर, राम चंद्र भगत ( लोक हित अधिकार पार्टी ) चुनाव चिन्ह –सेव, अर्जुन टोप्पो ( नि.) चुनाव चिन्ह- केतली, अर्पण देव भगत (नि.) चुनाव चिन्ह- कैंची, चमरा लिंडा (नि.) चुनाव चिन्ह – बल्लेबाज, पवन तिग्गा ( नि.) चुनाव चिन्ह –फुलगोभी, मरियानुस तिग्गा (नि.) चुनाव चिन्ह- हॉकी और बॉल, रंजीत भगत (नि.) चुनाव चिन्ह- फुटबॉल खिलाड़ी , सनिया उरांव (नि.) चुनाव चिन्ह अलमारी तथा स्टेफन किंडो (नि.) चुनाव चिन्ह आरी शामिल हैं।
लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र,जहां पुरूष से अधिक है महिला मतदाताओं की संख्या
लोहरदगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं से अधिक महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। लोहरदगालोक सभा क्षेत्र में पड़ने वाले पांच विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 14 लाख 41हजार 298 है। इसमें 4 थर्ड जेंडर मतदाता को नहीं जोड़ा गया है। इस तरह पुरूष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 13 हजार 911 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 7 लाख 27 हजार 387 है यानि 13 हजार 476 अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि सभी पांच विधान सभा क्षेत्रों में भी यही स्थिति है। 68 मांडर विधान सभा क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 83 हजार 967 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 86 हजार 320 है यानि 2353 अधिक । 67 सिसई विधान सभा क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 28 हजार 35 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 32 हजार 2 सौ है यानि 4165 अधिक । इसी तरह 68 गुमला विधान सभा क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 21 हजार 144 है। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 24 हजार 337 है। यहां भी 3193 महिला मतदाता अधिक हैं। 69 बिशुनपुर विधान सभा क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 40 हजार 24 है। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1लाख 41 हजार 164 है यानि 1140 अधिक । इसी तरह लोहरदगा विधान सभा क्षेत्र में पुरूष मतदाताओं की संख्या 1लाख 40 हजार 741 है । वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 43 हजार 366 है। यहां भी महिला मतदाताओं की संख्या 2625 अधिक है।
-----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------





