लोहरदगा में आंधी पानी ने मचाई तबाही, दो की मौत, कई घायल

लोहरदगा में आंधी पानी ने मचाई तबाही, दो की मौत, कई घायल
रांची: लोहरदगा जिले में सोमवार को बेमौसम आंधी-बारिश की वजह से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। पेड़ गिरने और वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। वही इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। दो घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं कई लोग आंशिक रूप से भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के साथ ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गई है। सेन्हा थाना क्षेत्र के रानीगंज साप्ताहिक बाजार में आंधी बारिश से बचने के लिए ग्रामीण बाजार शेड के नीचे खड़े थे। इसी दौरान एक विशालकाय पेड़ शेड पर गिर गया। जिससे सेन्हा थाना क्षेत्र के ढोठा टोली निवासी बिरसा उरांव के पुत्र लाल बिहार उरांव (35 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लाल बिहारी उरांव डांडू ढोठा टोली से नीचे तुरियाडीह गांव सरहुल का निमंत्रण देकर लौट रहा था। तभी मौसम खराब होने की वजह से वह अन्य ग्रामीणों के साथ बाजार शेड के नीचे खड़ा हो गया। इस घटना में आरा पोडिया टोली गांव निवासी सोनू उरांव की पत्नी वीणा उरांव और एक बच्चा भी घायल हुआ है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वही दूसरी घटना में सेन्हा थाना क्षेत्र के तोड़ार मैना टोली गांव में वज्रपात की चपेट में आने से रामस्वरूप मुंडा के पुत्र भुवनेश्वर मुंडा की मौत हो गई। वहीं वज्रपात की चपेट में तीन मवेशियों की भी मौत हुई है।





