पीएम मोदी ने रांची में किया रोड शो,एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब, लगा जय श्री राम और मोदी मोदी के नारे
पीएम मोदी ने रांची में किया रोड शो,एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब, लगा जय श्री राम और मोदी मोदी के नारे
रांची: पीएम मोदी चाईबासा में सभा करने के बाद सीधे रांची पहुंचे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, सांसद प्रत्याशी संजय सेठ, सांसद खीरु महतो, विधायक सीपी सिंह, समरी लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री अनामिका जूही, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शोभा यादव, राकेश भास्कर, लक्ष्मी पात्रो, कृपा शंकर सिंह, मुकेश मुक्ता, रमेश सिंह समेत कई लोगों ने स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद पीएम मोदी सबसे पहले बिरसा चौक पहुंचे और यहां बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बीजेपी को वोट देने की अपील की। भारत माता चौक पर प्रधानमंत्री का काफिला रुका। वहां प्रधानमंत्री अपने गाड़ी से निकलकर बाहर आये। वहां नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रत्याशी संजय सेठ, सांसद दीपक प्रकाश, विकास प्रीतम, विनय जायसवाल, निशि जायसवाल, उमेश कुमार साहू ने स्वागत किया।
यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रथ पर सवार हुए, उनके साथ नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और रांची लोकसभा के प्रत्याशी संजय सेठ रथ में सवार हुए। इसके बाद 'मोदी-मोदी' के नारे के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। रांची में जिस -जिस रास्ते से पीएम का काफिला गुजरा वहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक वेश-भूषा में क्षेत्रीय कलाकारों ने मंच से नृत्य प्रस्तुत कर पीएम का अभिनंदन किया। उनकी एक झलक पाने को हिनू चौक से लेकर रातू रोड न्यू मार्केट चौराहे तक सड़क के दोनों ओर भारी तादाद में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कभी हाथ हिलाकर तो कभी दोनों हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आएं। रास्ते में कई जगहों पर लोगों ने उन पर फूल बरसाए। इनमें महिलाओं की भी बड़ी तादाद थी। पीएम मोदी के हाथ में भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल का छोटा कटआउट था, जिसे दिखाकर उन्होंने पार्टी के पक्ष में मतदान की मौन अपील की। रोड शो में लोग लगातार मोदी-मोदी के नारे लगाते रहे। पीएम मोदी को देखने के लिए छतों, पेड़, होटल, जहां जिसे जगह मिली, वहीं जमा रहे। कई लोगों ने हाथों में पीएम मोदी की तस्वीरें और कटआउट ले रखी थी। पीएम मोदी ने हरमू भारत माता चौक से लेकर रातू रोड चौक तक करीब दो किलोमीटर के रोड शो में हिस्सा लिया। रांची में रोड शो के पहले पीएम मोदी ने सिंहभूम और खूंटी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चाईबासा में एक बड़ी रैली को संबोधित किया था। रोड शो के समापन के बाद पीएम मोदी राजभवन पहुंचे, वह राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे और शनिवार को पलामू, लोहरदगा में चुनावी रैलियां करेंगे।





