जो काम हमारी सरकार ने किया, उसका श्रेय लालू परिवार लेता है : नीतीश

जो काम हमारी सरकार ने किया, उसका श्रेय लालू परिवार लेता है : नीतीश
-नालंदा में मुख्यमंत्री ने कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में किया रोड शो और जनसभा
नालंदा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नालंदा में रोड शो और जनसभा कर एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी सभा में एक बार फिर लालू यादव के जंगलराज की याद दिलाते हुए उन पर एक के बाद एक कई हमले किये। रोड शो से पहले चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि वे 1995 से बीजेपी के साथ हैं। बीच में दो बार अलग हुए, लेकिन अंतत: बीजेपी के साथ वापस आ गए और हमेशा रहेंगे।अपने शासनकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए नीतीश ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है, जिससे आज लड़कियां भी पढ़ाई कर रही हैं। पहले शाम में लोग बाहर निकलने से डरते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। लालू परिवार पर निशाना साधते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि जो काम उनकी सरकार ने किया, उसका श्रेय लालू परिवार लेता है। वे दावा करते हैं कि मुसलमान उनके साथ हैं, जबकि हमने हिंदू-मुस्लिम के बीच के झगड़े को खत्म किया। लालू प्रसाद पर तीखा हमला करते हुए नीतीश ने कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा बच्चे कौन पैदा करता है। पहले खुद मुख्यमंत्री बने, फिर पत्नी को सीएम बनाया, और अब अपनी दो बेटियों को चुनाव लड़ा रहे हैं। सभा के बाद नीतीश कुमार का रोड शो बेनार मोड़ से शुरू हुआ और विभिन्न इलाकों अस्थावां, नकटपुरा, सोहसराय हाल्ट, रहुई, भागन विगहा, नूरसराय, सालेपुर मोड़, बढ़ौना, चंडी, जैतीपुर मोड़, माधोपुर नगरनौसा तक गया। इसके बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए।





