राजनीति के मैदान में उतरेंगी कल्पना, कल गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल ,जन्मदिन पर दिशोम गुरु का लिया आशीर्वाद

राजनीति के मैदान में उतरेंगी कल्पना, कल गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल ,जन्मदिन पर दिशोम गुरु का लिया आशीर्वाद
रांची: अपने जन्मदिन और चार मार्च को गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस समारोह कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन (सास) का आशीर्वाद लिया। इससे पहले सुबह ही उन्होंने बिरसा मुंडा जेल जाकर पति हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी। सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने लिखा, मेरे पिता भारतीय सेना में थे। वह सेना से रिटायर हो चुके हैं। पिताजी ने सेना में रहकर देश के दुश्मनों का डटकर सामना किया। बचपन से ही उन्होंने मुझमें बिना डरे सच के लिए संघर्ष करना और लड़ना सिखाया है। सोशल मीडिया पर कल्पना सोरेन ने लिखा,झारखंडवासियों और झामुमो परिवार के असंख्य कर्मठ कार्यकर्ताओं की मांग पर कल (सोमवार) से मैं सार्वजनिक जीवन की शुरुआत कर रही हूं। जब तक हेमंत जी हम सभी के बीच नहीं आ जाते तब तक मैं उनकी आवाज बनकर आप सभी के बीच उनके विचारों को आपसे साझा करती रहूंगी, आपकी सेवा करती रहूंगी। विश्वास है, जैसा स्नेह और आशीर्वाद आपने अपने बेटे और भाई हेमंत सोरेन को दिया है, वैसा ही स्नेह और आशीर्वाद, मुझे यानी हेमंत जी की जीवन संगिनी को भी देंगे।





