निशिकांत दुबे ने कहा - कल्पना सोरेन होंगी झारखंड की अगली सीएम, चंपाई सोरेन सोचें ,बसंत सोरेन भी छोड़ेंगे पार्टी

निशिकांत दुबे ने कहा - कल्पना सोरेन होंगी झारखंड की अगली सीएम, चंपाई सोरेन सोचें ,बसंत सोरेन भी छोड़ेंगे पार्टी
रांची : भाजपा गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस दिन सरफराज अहमद ने इस्तीफा दिया था, उसी वक्त हमने कहा था कि सरफराज अहमद राज्यसभा के सदस्य होंगे और यह सच साबित हुआ।इसके बाद हमने कहा था कि कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा की उम्मीदवार होंगी, वह भी सत्य साबित हुआ। अब तीसरी भविष्यवाणी हमारी यह है कि जिस दिन कल्पना सोरेन गांडेय से चुनाव जीत कर आयेंगी उसी दिन धक्का मार कर चंपाई सोरेन को बाहर कर देंगी। मैं दावे के साथ कह रहा हु की वह इस प्रदेश की सीएम होंगी, क्योंकि हेमंत सोरेन को बेल मिलने नहीं जा रही है।
इसके आगे उन्होंने कहा कि यह चंपाई सोरेन को तय करना है कि आंदोलनकारी नेता होगा या किसी की बहू, बेटा, बेटी होने से नेता बन जायेगा। उन्होंने कहा कि सीता सोरेन तो अब झामुमो से निकल चुकी हैं। लोबिन हेंब्रम किसी भी दिन पार्टी से निकल जाएंगे और हो सकता है वे राजमहल से चुनाव लड़ें। इसलिए मैं कह रहा हूं कि चंपाई सोरेन को सोचने का समय आ गया है।
भाजपा की सरकार बनी तो दुर्गा सोरेन मौत की जांच सीबीआई से होगी
निशिकांत दूबे ने कहा कि वर्ष 2009 से ही वे दुर्गा सोरेन की मौत की जांच की मांग कर रहे हैं। एक स्वस्थ व्यक्ति की अचानक मौत कैसे हो सकती है। शव का पोस्टमार्टम होना चाहिए था, जो नहीं हुआ। भाजपा की सरकार बनेगी तो निश्चित रूप से इस मामले की सीबीआई जांच करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि 2025 आते-आते झामुमो कई टुकड़ों में बंट जायेगा। कोई झामुमो सोरेन बनेगा, तो कोई झामुमो चंपाई तो कोई झामुमो मथुरा गुट बनायेगा। झामुमो का सिंबल भी जब्त हो जायेगा। कल्पना सोरेन के सीएम बनने के बाद जो पहला आदमी सोरेन परिवार से निकलने वाला है, वह भाई बसंत है।





