पहली बार झामुमो कार्यालय पहुंची कल्पना सोरेन कहा-उलगुलान महारैली लोकतंत्र बचाने की लड़ाई का हिस्सा

रांची: पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी व गांडेय लोकसभा सीट की प्रत्याशी कल्पना सोरेन शनिवार को पहली बार झामुमो के रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय पहुंचीं। कल्पना सोरेन ने 21 अप्रैल को धुर्वा के शहीद मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली को लेकर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने इस महारैली में कार्यकर्ताओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। इस बैठक में रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, चतरा, सिमडेगा और लातेहार के जिलाध्यक्ष पहुंचे थे। वहीं कार्यालय में अभिषेक कुमार पिंटू भी मौजूद थे। आपको बता दे की हेमंत सोरेन पर हुए ईडी की कार्रवाई और केंद्र की तानाशाही सरकार के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा की 21 अप्रैल को होने वाली उलगुलान महारैली को सफल बनाने की कमान खुद कल्पना सोरेन ने संभाल ली है। कल्पना सोरेन के साथ बैठक में पार्टी के केंद्रीय महासचिव और कोषाध्यक्ष विनोद पांडेय भी शामिल हुए। बैठक के बाद कल्पना सोरेन ने कहा कि 21 अप्रैल को होनेवाली उलगुलान महारैली लोकतंत्र बचाने की लड़ाई का हिस्सा है। अपने जिला समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन के सपने को बाधित करने की कोशिश की गई है। केंद्र लगातार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करती है। झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में केंद्र की तानाशाही रवैया और संविधान को कुचलने की कोशिश के खिलाफ झारखंड की जनता उलगुलान करेगी। कल्पना सोरेन ने कहा कि अपनी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह देख कर वह भी उत्साहित हैं और राज्य की जनता कह रही है, झारखंड झुकेगा नहीं, देश झुकेगा नहीं।





