परिवारवाद, भ्रष्टाचार व लालफीताशाही से मुक्ति दिलाने का है यह चुनाव: भूपेंद्र सवन्नी
रायपुर, छत्तीसगढ़ भाजपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने शुक्रवार को
एक बयान जारी कर कहा कि झारखंड में भाजपा को लेकर जिस तरह मतदाताओं में
उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे यह तय हो गया है कि इस बार के चुनाव से
राज्य को पिता-पुत्र की पॉलिटिक्स से मुक्ति मिलेगी। यह लोकसभा चुनाव
परिवारवाद, भ्रष्टाचार और लालफीताशाही से मुक्ति दिलाने का है। झारखंड
मुक्ति मोर्चा ने राज्य के संसाधनों की जैसे खुली लूट से जनता त्रस्त हो गई
है।
छत्तीसगढ़ भाजपा उपाध्यक्ष सवन्नी इन दिनों झारखंड के प्रवास
पर हैं। वे यहां अलग-अलग चुनाव प्रचार कार्यक्रम एवं जनसंपर्क अभियान के
जरिए मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव सिर्फ विकसित भारत के संकल्प का चुनाव
नहीं है। यह चुनाव देश को परिवारवाद, भ्रष्टाचार और लालफीताशाही से मुक्ति
दिलाने का भी चुनाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब चुनाव में अपनी हार तय
मानकर नये बहाने खोजने लगी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि
मोदी सरकार ने विगत दस साल में जनकल्याण की जितनी योजनाएं संचालित की गई
हैं, उससे गरीब, पिछड़े, आदिवासी, महिलाओं, युवा का सबसे अधिक कल्याण हुआ
है। आज गरीब किसान और आदिवासी आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होकर सामने
आए हैं। तीसरी बार देश की बागडोर संभालकर नरेन्द्र मोदी जनकल्याण के
कार्यों को और गति देंगे।





