पटना में 3 मार्च को होगी महागठबंधन की जनविश्वास महारैली

पटना में 3 मार्च को होगी महागठबंधन की जनविश्वास महारैली
-लालू-तेजस्वी के साथ राहुल गांधी भी होंगे शामिल
पटना ।बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव फिलहाल जनविश्वास रैली पर हैं। जो आगामी एक मार्च तक चलेगा। वहीं इस रैली के अंत में पटना में जनविश्वास महारैली आयोजित किया जाएगा। 3 मार्च को होनेवाले इस महारैली को लेकर आज पटना राजद कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।इस महारैली को राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, भाकपा माले के कॉ दीपांकर भट्टाचार्या, सीपीआई के कॉ डी. राजा, सीपीआई (एम) के कॉ० सीताराम येच्यूरी सहित सभी दलों के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।महारैली को लेकर महागठबंधन के सभी दलों के नेताओं की संयुक्त बैठक राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय, पटना में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृपानाथ पाठक, भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड मीना तिवारी, वरिष्ठ नेता केडी यादव, कॉमरेड अभ्युदय, सीपीआई के राज्य सचिव कॉ रामनरेश पाण्डेय, सीपीआई नेता कॉ जानकी पासवान, कॉ रामबाबू कुमार, सीपीआई (एम) के कॉ. सर्वोदय शर्मा, कॉमरेड अरूण कुमार, राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, भोला यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष वृषिण पटेल, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू की उपस्थिति में बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लोकतंत्र एवं संविधान बचाने के लिए दिनांक 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में "जन विश्वास महारैली" आयोजित किया जायेगा।बिहार में विकास, नौकरी, रोजगार, आरक्षण व्यवस्था में बढ़ोतरी तथा जातीय गणना के बाद से हीं कहीं न कहीं साजिश शुरू हुई और जिन लोगों ने सत्ता प्राप्ति के लिए लोभ की राजनीति को बढ़ावा दिया उन्हीं लोगों ने इस तरह का माहौल बनाया और कहीं न कहीं बिहार में महागठबंधन सरकार को हटाने में अपनी भूमिका अदा की।





