जंगलराज लाने वाला परिवार बिहार के युवाओं का सबसे बड़ा गुनहगार : पीएम मोदी

जंगलराज लाने वाला परिवार बिहार के युवाओं का सबसे बड़ा गुनहगार : पीएम मोदी
- लालटेन राज में सिर्फ एक ही परिवार की गरीबी मिटी
- बिहार से युवाओं का पलायन सबसे बड़ी चुनौती है
पटना. प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में लगभग 12,800 करोड़ रुपये की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं रेल,सड़क, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस से संबंधित हैं। इसके बाद मोदी ने जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज लाने वाला परिवार बिहार के युवाओं का सबसे बड़ा गुनहगार है। जंगलराज के जिम्मेदार परिवार ने बिहार के लाखों नौजवानों से उनका भाग्य छीन लिया। यह एनडीए सरकार है जो इस जंगलराज से बिहार को बचाकर इतना आगे लाई है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में यहां से युवाओं का पलायन बिहार में बहुत बड़ी चुनौती रही है। जब यहां जंगलराज आया तब यह पलायन और बढ़ गया। जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने परिवार की चिंता की.बिहार के नौजवान रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में जाते रहे और यहां एक ही परिवार फलता-फूलता रहा, किस तरह नौकरी के बदले जमीनों पर कब्जा किया गया. ऐसे लोगों को माफ कर सकते हैं क्या?
मोदी ने कहा कि यह वह भूमि है जिसने भारत की आजादी की लड़ाई में नए प्राण फूंके, नई चेतना का संचार किया। इसी भूमि ने मोहनदास जी को महात्मा गांधी बना दिया। विकसित बिहार से विकसित भारत का संकल्प लेने के लिए बेतिया, चंपारण से अच्छा स्थान और कोई नहीं है।
नया भारत बन रहा है:
उन्होंने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार का प्रयास है कि बिहार के युवाओं को यहीं बिहार में नौकरी मिले, रोजगार मिले। आज जिन हजारों करोड़ रुपयों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है, उसके मूल में भी यही भावना है। एक तरफ नया भारत बन रहा है वहीं दूसरी तरफ आरजेडी, कांग्रेस और इनका इंडी गठबंधन, अभी भी 20वीं सदी की दुनिया में जी रहा है।
लालू यादव पर बरसे मोदी :
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए की सरकार कह रही है कि हम हर घर को सूर्यघर बनाना चाहते हैं। लेकिन इंडी गठबंधन अभी भी लालटेन की लौ के ही भरोसे है। जबतक बिहार में लालटेन का राज रहा, तबतक सिर्फ एक ही परिवार की गरीबी मिटी, एक ही परिवार समृद्ध हुआ। आज जब मोदी ये सच्चाई बताता है, तो ये मोदी को गाली देते हैं। भ्रष्टाचारियों से भरे इंडी गठबंधन का सबसे बड़ा मुद्दा है कि मोदी का परिवार नहीं है!
नीतीश कुमार नहीं रहे मौजूद :
पीएम मोदी की सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहे। उनकी जगह नीतीश के मंत्री विजय कुमार चौधरी मौजूद रहे। दरअसल, नीतीश कुमार किसी व्यक्तिगत मामले से दिल्ली चले गए हैं, क्योंकि 7 मार्च से उनका विदेश (इंग्लैंड) दौरा शुरू हो रहा है। ऐसे में विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।
.........................





