लगातार दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे हिमंत, 4 विधायक बनेंगे मंत्री

असम में हिमंत बिस्वा सरमा मंगलवार को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य गुवाहाटी में सुबह 11:40 बजे सरमा और चार मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सरमा असम में लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे। भाजपा नीत राजग सरकार का यह लगातार तीसरा कार्यकाल होगा।
2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में गठबंधन पहली बार सत्ता में आया था, जबकि 2021 में सरमा मुख्यमंत्री बने थे। शपथ लेने वाले नेताओं में असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा, बीपीएफ विधायक चारन बोरो, पूर्व मंत्री अजन्ता निओग और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंच चुके हैं, जहां मुख्यमंत्री सरमा और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। सोमवार रात एक्स पर पोस्ट करते हुए सरमा ने अपने चार सहयोगियों के मंत्री पद की शपथ लेने की जानकारी भी साझा की।





