पटना, दरभंगा, बेतिया और मोतिहारी में हुई तेज बारिश -अररिया में दर्जनों गांवों में घुसा पानी, किशनगंज में धंसा पुल

पटना, दरभंगा, बेतिया और मोतिहारी में हुई तेज बारिश
-अररिया में दर्जनों गांवों में घुसा पानी, किशनगंज में धंसा पुल
पटना ।बिहार में मानसून अब पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। गुरुवार को दरभंगा, बेतिया, मोतिहारी, नवादा में तेज बारिश हुई। इधर पटना में भी तेज बारिश शुरू हो गई है। वहीं नेपाल में बारिश के कारण तराई वाले इलाके में पानी भरने लगा है। इससे किशनगंज में मरिया नदी पर बना 70 मीटर लंबा पुल धंस गया।वहीं बगहा में पुलिया से गुजर रहा ट्रैक्टर अचानक आए पहाड़ी नदी की तेज धार में फंस गया। इसमें मजदूर सवार थे। 6 मजदूरों ने तैर कर अपनी जान बचाई। वहीं अररिया के सिकटी प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी भाग में बहने वाली नूना नदी के उफनाने के कारण पड़रिया पंचायत के सालगुडी, कचना, बांसबाडी, सिघिया, घोड़ा चौक, खोरागाछ पंचायत के औलाबाड़ी गांव के दर्जनों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है।वहीं, गुरुवार को भी प्रदेश के 38 जिलों में बारिश की संभावना है। इसमें उत्तरी और पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका शामिल हैं।इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। गुरुवार को औरंगाबाद के टंडवा थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतक की पहचान जीतन यादव(58) और लल्लू यादव(55) के रूप में की गई है। वहीं, बिहार में पिछले 3 दिनों में आकाशीय बिजली से 11 लोगों की मौत हो चुकी है।





