सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में चार आरोपी गिरफ्तार -तीन पश्चिम बंगाल और 1 यूपी का रहने वाला, 21391 पदों पर निकली थी भर्ती

सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
-तीन पश्चिम बंगाल और 1 यूपी का रहने वाला, 21391 पदों पर निकली थी भर्ती
पटना ।आर्थिक अपराध इकाई ने सिपाही भर्ती परीक्षा लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन पश्चिम बंगाल और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। इस मामले में 5 मई को 3 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। सभी को ईओयू ने पूछताछ के लिए रिमांड पर ले लिया है। अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
-पेपर लीक मामले में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल के परगना निवासी कौशिक कुमार, कोलकाता के सुमन विश्वास, संजय दास और उत्तर प्रदेश लखनऊ के सौरभ बंदोपाध्याय को 26 जून को गिरफ्तार किया है। ये सभी कलटेक्स मल्टीवैंचर प्रा.लि। कोलकाता के निदेशक हैं।
इसके अलावा 5 मई में नीट पेपर लीक के मास्टरमांइड संजीव मुखिया गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। जो सिपाही भर्ती पेपर लीक में शामिल थे। जिसकी पहचान नालंदा के अश्विनी रंजन, विक्की कुमार और रोहतास के अनिकेत उर्फ बादशाह के तौर पर हुई है।
-21391 पदों पर निकली थी भर्ती
बिहार में सिपाही के 21391 पदों की बहाली होनी थी। इसके लिए 1 अक्टूबर 2023 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने के पहले ही प्रश्न पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था। जिसके कारण इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। साथ ही 7 और 15 अक्टूबर को होने वाली पर परीक्षा को स्थगित कर दिया था। कुल 18 लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा था।





