चंडीगढ़ में व्यापारी के घर फायरिंग का मामला -एन आई ए की जांच पहुंची बिहार तक

चंडीगढ़ में व्यापारी के घर फायरिंग का मामला
-एन आई ए की जांच पहुंची बिहार तक
पटना।चंडीगढ़ के सेक्टर 5 में रहने वाले कारोबारी कुलदीप सिंह मक्कड़ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी जांच कर रही है। एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि फायरिंग करने के बाद आरोपी बिहार भाग गए थे। वहां यह गोपालगंज इलाके में एक गांव के पूर्व पंच मनोज शर्मा के घर पर 3 दिन ठहरे थे। एनआईए की जांच मनोज शर्मा तक पहुंच गई है। एजेंसी की तरफ से बिहार निवासी मनोज शर्मा से पूछताछ की जा रही है।उसने जांच के दौरान बताया कि उसका इस वारदात और आरोपियों से कोई संबंध नहीं है। इस केस में पकड़े गए एक आरोपी गगनदीप गोल्डी को वह जानता था। क्योंकि उसकी उससे राजपुरा में मुलाकात हुई थी। एक प्लांट का विवाद था, इसको सुलझाने में उसकी मदद ली गई थी।बस उसी के कहने पर उसने तीनों आरोपियों को अपने घर पर रुकने की इजाजत दी थी। हालांकि अभी एनआईए ने मनोज शर्मा को आरोपी नहीं बनाया है।19 फरवरी को सेक्टर 5 में कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। यह गोलियां मक्कड़ के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर लगी थीं। उसके कुछ देर बाद मक्कड़ को विदेशी नंबर से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का फोन आया और उसने दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। उसने इसकी शिकायत चंडीगढ़ पुलिस को दी।पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मामले में गोल्डी बराड़ और कुछ अंतरराष्ट्रीय लिंक होने की वजह से गृह मंत्रालय ने मामला एनआईए को ट्रांसफर कर दिया। अब इस मामले में एनआईए जांच कर रही है।





