ईएसआईसी ने लॉन्च की ‘SPREE 2025’ योजना: असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की ऐतिहासिक पहल

ईएसआईसी ने लॉन्च की ‘SPREE 2025’ योजना: असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की ऐतिहासिक पहल
1 जुलाई से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी विशेष पंजीकरण योजना, पिछली देनदारियों से पूरी छूट
नई दिल्ली/शिमला, 2 जुलाई 2025 – कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और दूरगामी पहल करते हुए ‘SPREE 2025’ (Scheme for Promotion of Registration of Employers and Employees) योजना को मंजूरी दी है। यह निर्णय ईएसआईसी की 196वीं बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में की।
SPREE 2025 का उद्देश्य देश के सभी निबंधित व अनिबंधित नियोक्ताओं और कर्मचारियों—विशेष रूप से ठेका व अस्थायी श्रमिकों—को ईएसआई अधिनियम के तहत सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है। यह योजना 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगी और इस अवधि के दौरान नियोक्ता बिना किसी जांच या पिछली देनदारी के डर के अपने प्रतिष्ठानों व कर्मचारियों को पंजीकृत करा सकेंगे।
योजना की प्रमुख विशेषताएं:
डिजिटल पंजीकरण की सुविधा ESIC पोर्टल, श्रम सुविधा पोर्टल एवं एमसीए पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध है।
पंजीकरण नियोक्ता द्वारा घोषित तिथि से वैध माना जाएगा।
पंजीकरण से पूर्व की अवधि के लिए कोई अंशदान देय नहीं होगा, और न कोई लाभ लागू होगा।
इस अवधि में कोई निरीक्षण या पुरानी देनदारी की मांग नहीं की जाएगी।
SPREE 2025 न केवल ईएसआई में स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देती है, बल्कि उन नियोक्ताओं को एक “एक बार का अवसर” देती है जो अब तक विभिन्न कारणों से पंजीकरण से वंचित रह गए थे। पहले जहां समय पर पंजीकरण न कराने पर कानूनी कार्रवाई और बकाया भुगतान की मांग की जाती थी, वहीं अब यह योजना ऐसे नियोक्ताओं को राहत देते हुए सामाजिक सुरक्षा की मुख्यधारा में लाने का सशक्त माध्यम बन रही है।
सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम:
ESIC की यह पहल “वेलफेयर स्टेट” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे न केवल ठेका, अस्थायी और असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों को स्वास्थ्य और सामाजिक लाभ मिल सकेंगे, बल्कि देश के श्रम तंत्र में समानता, पारदर्शिता और समावेशिता को भी बल मिलेगा।
डॉ. मनसुख मांडविया ने इस अवसर पर कहा,
“ESIC की SPREE 2025 योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के विज़न को आगे बढ़ाने की एक मजबूत कड़ी है। यह योजना श्रमिकों के अधिकारों को सुरक्षित करते हुए, उन्हें सामाजिक सुरक्षा के तहत एक सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।”
SPREE 2025 एक सुनहरा अवसर है उन सभी नियोक्ताओं के लिए जो अब तक प्रणाली से बाहर थे। यह योजना न केवल उनके कानूनी दायित्वों को आसान बनाती है, बल्कि लाखों श्रमिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, चिकित्सा लाभ और सामाजिक सम्मान प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनती है।





