पश्चिमी सिंहभूम जिले में रहा नक्सलियों के भारत बंद का असर

पश्चिमी
सिंहभूम, 22 दिसम्बर । भाकपा माओवादियों के शुक्रवार को भारत बंद
का असर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले में देखा गया।
माओवादियों के बंद से चक्रधरपुर अनुमंडल के मनोहरपुर, आनंदपुर, गोईलकेरा,
सोनुवा, गुदड़ी और बंदगांव प्रखंडों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। बंद के
कारण रांची से चाईबासा जाने वाली बसों का परिचालन नहीं हुआ, जिससे
यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
अनुमंडल के कई प्रखंडों में
माओवादियों के बंद के कारण बैक शाखाओं में दिनभर ताला लटका रहा। मनोहरपुर
से चलने वाली बसों का परिचालन भी ठप रहा जबकि चिरिया माइंस में भी कोई
कार्य नहीं हुआ। मनोहरपुर से रांची, सिमडेगा, गुमला, राउरकेला, गुवा,
जामदा, चिरिया जाने वाले बसों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा। चक्रधरपुर से
चाईबासा के बीच रोजाना की तरह सभी वाहन और बसें चलीं। बंद के कारण गोईलकेरा
से सोनुवा, चक्रधरपुर, चाईबासा चलने वाली बसों का परिचालन ठप रहा। बंद के
कारण दिनभर सड़कें वीरान रहीं। बाजार क्षेत्रों में कोई भी दुकान नहीं खुली।
इससे आम लोगों को काफी परेशानी हुई।
बंद को लेकर आनंदपुर से
मनोहरपुर तक कोई भी छोटा वाहन नहीं चला। इससे लोग आनंदपुर से मनोहरपुर तक
भी नहीं आ-जा सके। गुदड़ी प्रखंड घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। सोनुवा से
गुदड़ी तक कोई भी यात्री वाहन नहीं चला। चक्रधरपुर में माओवादियों के बंद
का कोई असर नहीं देखा गया। चक्रधरपुर में दिनभर बाजार खुले रहे। चक्रधरपुर
से टोकलो, कराईकेला, चाईबासा आदि क्षेत्रों में चलने वाले छोटे-बड़े यात्री
वाहनों का भी परिचालन हुआ।





