कांग्रेस का दावा:सदन का मुंह भी नहीं देखेंगे नीतीश कुमार, उससे पहले ही साबित कर देंगे बहुमत
-राजद-कांग्रेस गुट का बहुमत साबित करने के लिए विधायकों की लिस्ट तैयार
पटना।बिहार की राजनीति में सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। दस दिन पुरानी एनडीए सरकार को अपना बहुमत साबित करना है, वहीं दूसरी तरफ तेजस्वी यादव भी अपनी सरकार बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रहे हैं। आज तेजस्वी आवास पर हुए वाम दलों और कांग्रेस विधायकों संग हुई बैठक में तेजस्वी यादव को गुट का नेता चुना गया है।राजद-कांग्रेस गुट का दावा है कि उनके पास बहुमत साबित करने के लिए विधायकों की पूरी लिस्ट तैयार है और नीतीश कुमार को फ्लोर टेस्ट पर जाने से पहले ही हमलोग अपना बहुमत साबित कर देंगे।लगभग दस दिन बाद तेलंगाना से वापस लौटे कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा का बड़ा दावा है कि भाजपा और जदयू के कई विधायक हैं संपर्क में। कल सदन के अंदर हम लोग अपनी ताकत दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट हैं। यह सबसे मजबूती से इसमें उभर कर सामने आया है और हम सभी लोग इकट्ठे होकर वोट करेंगे।संतोष मिश्रा ने दावा किया कि हमलोगों ने पूरी लिस्ट बना ली है और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास पहले से ही 114 विधायक हैं और कुछ और लोग साथ आएंगे। कांग्रेस नेता ने बताया कि आज भाजपा के नौ और जदयू के छह विधायक उनकी बैठक में शामिल नहीं हुए हैं।





