ईडी ने शेखर कुशवाहा को किया गिरफ्तार

ईडी ने शेखर कुशवाहा को किया गिरफ्तार
रांची: रांची में जमीन घोटाला मामले में ईडी ने जमीन कारोबारी शेखर कुशवाहा उर्फ शेखर महतो को गिरफ्तार कर लिया है। एजंेसी शेखर कुशवाहा को गुरुवार को कोर्ट के समक्ष पेश कर सकती है। बुधवार को एजेंसी ने समन भेज कर शेखर को रांची जोनल ऑफिस में पूछताछ के लिए बुलाया था। जहां पूरे दिन पूछताछ के बाद उसे देर शाम करीब 7.15 बजे गिरफ्तार कर लिया । ईडी ने पहली बार 22 अप्रैल 2023 को व दूसरी बार 16 अप्रैल 2024 को शेखर कुशवाहा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी जांच में यह बात सामने आई है कि शेखर कुशवाहा ने अपने सहयोगी प्रियरंजन सहाय, विपिन सिंह, इरशाद अंसारी, अफसर अली समेत अन्य के साथ मिलकर सरकारी कर्मी भानु प्रताप प्रसाद की मिलीभगत से 1971 का फर्जी डीड बनाया था। बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचल राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप के साथ मिलकर उसने बरियातू की 4.83 एकड़ की जमीन के रैयत जितुआ भोक्ता का नाम बदल कर समरेंद्र चंद्र घोषाल के नाम की इंट्री कर गैरमजरूआ जमीन को समान्य खाते की जमीन में बदल दिया था। जिसके बाद 22.61 करोड़ की जमीन को 100 करोड़ से अधिक कीमत में बेचने की तैयारी थी। ईडी गिरोह के सभी सदस्यों को पूर्व में ही जेल भेज चुकी है।





