शिखर धवन की वापसी, पहले ODI में इंग्लैंड के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI
वनडे टीम में चौथे नंबर के लिए दो दावेदार हैं जिसमें सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर शामिल हैं लेकिन इस बात की संभावना ज्यादा है कि सूर्यकुमार को श्रेयस अय्यर के ऊपर रखा जाए।
नई दिल्ली : भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की और अब बारी तीन मैचों की वनडे सीरीज की है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की कोशिश होगी कि वो टी20 सीरीज जैसी ही सफलता दोहराएं। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन का चयन काफी सावधानी के साथ करना होगा।
§ वनडे में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे शिखर धवन
§ विराट कोहली की फार्म पर रहेगी नजर
§ सूर्यकुमार यादव को श्रेयस अय्यर पर मिल सकती है तरजीह
शिखर धवन की वापसी
भारतीय वनडे टीम में शिखर धवन की वापसी हो चुकी है और गब्बर एक बार फिर से रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। धवन ने भारत के लिए इस साल 11 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मैच खेला था और अब चार महीने के बाद एक बार फिर से वो इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। टीम में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विराट कोहली उतरेंगे जो इन दिनों अपनी फार्म से जूझ रहे हैं। उनका फार्म टीम के लिए चिंता जरूर है, लेकिन कोहली के पास इस सीरीज में अपनी फार्म को हासिल करने का मौका भी होगा।
सूर्यकुमार की दावेदारी मजबूत
वनडे टीम में चौथे नंबर के लिए दो दावेदार हैं जिसमें सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर शामिल हैं, लेकिन इस बात की संभावना ज्यादा है कि सूर्यकुमार को श्रेयस अय्यर के ऊपर रखा जाए। रिषभ पंत टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर शामिल किए जाएंगे, लेकिन स्थिति के आधार पर उनकी बल्लेबाजी क्रम में बदलाव भी किया जा सकता है। इनके बाद हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा को टीम में बतौर आलराउंडर शामिल किया जा सकता है।
अक्षर के ऊपर चहल को दी जा सकती है तरजीह
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में अक्षर पटेल के ऊपर युजवेंद्रा चहल को तरजीह दी जा सकती है। वहीं पेस अटैक की बात करें तो जसप्रीत बुमराह व मो. शमी टीम की पहली पसंद होंगे। वहीं टीम में तीसरे पेसर के तौर पर शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है। हालांकि अपनी तेज गति की वजह से प्रसिद्ध कृष्णा की संभावना ज्यादा लग रही है।
पहले वनडे के लिए टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन-
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, रिषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर/प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।





