देहरादून आपदा : पीएम मोदी और अमित शाह ने सीएम धामी से की बात, मदद का दिया आश्वासन

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें लगातार संपर्क में हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पीएम मोदी और अमित शाह का आश्वासन
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने फोन पर बात कर आपदा प्रभावित इलाकों की स्थिति की जानकारी ली। दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सीएम धामी ने जताया आभार
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य और तेजी से संचालित हो रहे हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता पहुंचा रही है।
प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ स्थानीय विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिवार को असुविधा न हो और राहत सामग्री, भोजन, पानी व स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
सीएम धामी ने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय हैं और राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ है।
पुलिस ने की सतर्कता की अपील
उत्तराखंड पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर कर सहस्त्रधारा क्षेत्र की स्थिति की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मालदेवता में भारी बारिश के चलते 100 मीटर सड़क बह गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।





