बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन ,प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री हेमंत ने शोक जताया

खूंटी। भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा का इलाज के दौरान रिम्स में गुरुवार की देर रात निधन हो गया। मंगल मुंडा 25 नवंबर को सड़क दुर्घटना में गभीर रूप से घायल हो गये थे। उनका इलाज रिम्स में चल रहा था। खूंटी के उपायुक्त लाकेश मिश्रा की पहल पर खूंटी के सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम भी रिम्स गई थी। गुरुवार की देर रात लगभग 12.30 बजे मंगल मुंडा का निधन हो गया।देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ है। उनका जाना उनके परिवार के साथ ही झारखंड के जनजातीय समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को संबल प्रदान करें। ओम शांति।उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दु:ख जताया है, उन्होंने कहा कि इस खबर से अत्यंत दुखी हूं। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।





