सीता सोरेन के इस्तीफा के बाद सीएम चंपाई सोरेन ने होटवार जेल में पूर्व सीएम हेमंत से की मुलाकात

सीता सोरेन के इस्तीफा के बाद सीएम चंपाई सोरेन ने होटवार जेल में पूर्व सीएम हेमंत से की मुलाकात
रांची: सीता सोरेन के इस्तीफा और भाजपा में इंट्री के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शिबू सोरेन की बड़ी बहू और दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। सीता सोरेन ने मंगलवार को पहले पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया उसके बाद विधायकी छोड़ी फिर बीजेपी में शामिल हो गईं। कल्पना सोरेन की राजनीति में एंट्री और सीता सोरेन के पार्टी छोड़ने पर क्या असर होगा इसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है। ईमेल पर पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने की पेशकश होते ही झामुमो में खलबली मच गई। जिसके बाद मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सुबह करीब 10 बजे सीधे होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा पहुंचे और वहां पूर्व सीएम सह पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की करीब 40 मिनट तक हेमंत सोरेन के साथ गुफ्तगू हुई। कयास लगाये जा रहे हैं कि सीता सोरेन के पार्टी छोड़ने से लोकसभा चुनाव पर पड़ने वाले प्रभाव से निपटने के बिंदु पर चर्चा हुई है। दरअसल, हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी कल्पना सोरेन राजनीति में सक्रिय हो गई हैं। वह जगह-जगह सभाएं कर रही हैं।





