मुख्य सचिव ने राज्य के आला अधिकारियों के साथ की आपात बैठक

रांचीः दिल्ली में सीएम आवास पर ईडी की कारवाई के बीच झारखंड के मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव आवास पर हुई इस बैठक में डीजीपी और गृहसचिव मौजूद थे। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।मुख्य सचिव ने राजधानी रांची और दुमका को लेकर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। दिल्ली में चल रही ईडी की कार्रवाई पर नजर रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया और किसी भी हालत में विधि व्यवस्था ना बिगड़े इसके लिए सतर्क रहने को कहा। मौके पर मौजूद गृह सचिव अविनाश कुमार और डीजीपी अजय कुमार सिंह ने विधि व्यवस्था को लेकर की गई तैयारी से मुख्य सचिव को अवगत कराया। इधर मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और बीजेपी कार्यालय के समीप सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चीफ सेक्रेट्री ने सभी जिले की जिलाधिकारी को भी विधि व्यवस्था से संबंधित निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 9वीं बार समन भेजकर यह कहा था कि 27 से 31 जनवरी तक उन्हें दूसरी बार पूछताछ करनी है और इसे लेकर के वे समय निर्धारित करके बता दें। लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा जवाब दिया गया था कि आपका पत्र मिला है, सूचना दी जाएगी। इसके अलावा पत्र में कुछ नहीं लिखा गया था। इसके बाद ईडी ने दिल्ली में कार्रवाई करना शुरू किया है।





