मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जनदर्शन कार्यक्रम का हुआ आगाज
रायपुर,। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार का पहला जनदर्शन
कार्यक्रम आज गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय
में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में
आए नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं से
उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों
का तत्परता के साथ निराकरण किया जाएगा।
आम नागरिकों को
संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, हमारी सरकार को
बने छह माह हुए हैं। इस दौरान लोगों से लगातार मुलाकातें हुई है, सभी से
मिलने की मैं कोशिश करता रहा हूं, लेकिन फिर भी ऐसे कार्यक्रम शुरू करने की
आवश्यकता महसूस होती रही, जो केवल आम नागरिकों से मुलाकात के लिए हो।
पूर्व में डॉ. रमन सिंह की सरकार के समय जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित होता था।
अब उसी कार्यक्रम को हमारी सरकार ने आज फिर से शुरू किया है। जनदर्शन
कार्यक्रम प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होगा। जनदर्शन कार्यक्रम में
मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सचिव पी. दयानंद, जनसम्पर्क आयुक्त मयंक
श्रीवास्तव सहित सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर जिले के कलेक्टर,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री
जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक गुरुवार को पूर्वान्ह 11 बजे से
मध्यान्ह 1 बजे तक आम नागरिक से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं
अपेक्षाओं की सुनवाई करेंगे। जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष
प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं, अपेक्षाओं, आवेदनों को पंजीबद्ध करने के
साथ ही इसे जनदर्शन पोर्टल में अपलोड किया जाएगा। इस पोर्टल में दर्ज
आवेदनों की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री करेंगे। आम जनता से मिले आवेदनों को
संबंधित विभाग द्वारा समय-सीमा में निराकृत कर इसकी जानकारी आवेदक को
देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जनदर्शन कार्यक्रम
में मुलाकात के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी आई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री
साय को प्रदेश में महतारी वंदन योजना शुरू करने के लिए बधाई दी और कहा कि
महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि से उन्हें अपने
जरूरी कामों पूरा करने में मदद मिलने लगी है। इससे उनका सम्मान बढ़ा है और
स्वाभिमान मजबूत हुआ है। अब वे खुद को आत्मनिर्भर महसूस करने लगी है।
जनदर्शन में एक महिला अपने पति रमेश शुक्ला की समस्या लेकर आई थी। पत्नी ने
बताया कि उनके पति श्री शुक्ला कैंसर की बीमारी के एडवांस ट्रीटमेंट की
जरूरत है। मुख्यमंत्री ने महिला को संबल देते हुए कहा कि हमारी सरकार के
लिए स्वास्थ्य सबसे सर्वाेपरि है। आपके पति को सभी संभव सहायता प्रदान की
जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित
किया।
श्याम नगर निवासी छात्रा आयुषी द्विवेदी ने बताया
कि, मेरा सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। सपने में आर्थिक
स्थिति बाधा है। मुख्यमंत्री ने आयुषी की तैयारी के लिए अधिकारियों को
आवश्यक सुविधा व सहायता दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री
विष्णुदेव साय से अनेक दिव्यांगजनों से की भेंट। मुख्यमंत्री ने एक छोटे
से दिव्यांग बच्चे को दुलारा, उसकी समस्या जानी। उसके परिजनों से बात की।
स्वास्थ्य कियोस्क कर्मचारी संगठन ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न
मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। जीएनएम प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले नर्सिंग
प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
इसी
प्रकार बीएड प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों और बस्तर संभाग से आए शिक्षकों
ने भी भेंट की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जनदर्शन कार्यक्रम में
महाविद्यालय अतिथि व्याख्याताओं के प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात की और
उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन, अनियमित कर्मचारी
महासंघ ने भी ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को
जनदर्शन कार्यक्रम में रायपुर शहर के शांति नगर निवासियों की समितियों ने
राखड से होने वाले दिक्कतों के बारे अवगत कराते हुए इस समस्या से मुक्ति
दिलाने और स्वच्छता निरीक्षक के प्रतिनिधि मण्डल ने स्वच्छता निरीक्षकों की
भर्ती की मांग की। धोबी महासंघ ने भी मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जनदर्शन कार्यक्रम में किसानों ने फसल नष्ट
होने के संबंध में ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उन्हें
नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसी प्रकार लोगों ने अनुचित कब्जा हटाने,
बीमारी के इलाज के संबंध में मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपा। मुख्यमंत्री
विष्णु देव साय को जनदर्शन कार्यक्रम में एक युवक ने आवेदन के माध्यम से
तक्षशिला में प्रवेश दिलाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने रायपुर कलेक्टर
को प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए।
जनपद पंचायत धरसीवा से
सेवानिवृत्ति कर्मचारी अब्दुल जमील जनदर्शन पहुंचे। उन्होंने बताया कि 2
साल से उनका पेंशन प्रकरण लंबित है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में
अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में गुढ़ियारी से
बबीता पांडे और उनके पिता आवेदन लेकर आए। उन्होंने बताया कि 7 साल पूर्व
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आदेश किया गया था। इसके बावजूद भी अब तक
नियुक्ति नहीं हो पाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण की जांच उच्च
शिक्षा विभाग से कराएंगे और नियमानुसार इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की
जाएगी।





